Student of year-After Dark: 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' फ्रेंचाइजी एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार है, लेकिन इस बार कहानी का अंदाज पहले से बिल्कुल अलग होगा। करण जौहर की इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी को अब वेब सीरीज के रूप में पेश किया जा रहा है, जिसका नाम 'Student of the Year: After Dark' रखा गया है। इस सीरीज में शनाया कपूर मुख्य भूमिका निभाएंगी। इसके साथ ही वह OTT की दुनिया में अपना डिजिटल डेब्यू करने जा रही हैं। मेकर्स ने सोमवार को सीरीज का टीजर जारी कर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
पार्टी, रहस्य और मर्डर मिस्ट्री का रोमांच
फ्रेंचाइजी के काल्पनिक कॉलेज 'सेंट टेरेसा' के दरवाजे एक बार फिर खुलेंगे, लेकिन इस बार यहां ग्लैमर, रोमांस और म्यूजिकल मनोरंजन की जगह अंधेरे रहस्य और थ्रिलर देखने को मिलेगा। टीजर में शानदार पार्टी और चकाचौंध भरी जिंदगी के बीच अचानक एक लड़की की जमी हुई लाश दिखाई देती है। यह दृश्य संकेत देता है कि सीरीज की कहानी युवाओं की चमकदार दुनिया के पीछे छिपे रहस्यों और अप्रत्याशित घटनाओं को सामने लाएगी।
करण जौहर इस सीरीज को प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी रीमा माया संभाल रही हैं। जियो हॉटस्टार ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर सीरीज का टीजर साझा किया है।
रीमा माया देंगी कहानी को नया अंदाज
अपनी साहसिक और अलग तरह की कहानियों के लिए पहचानी जाने वाली निर्देशक रीमा माया इस फ्रेंचाइजी को यथार्थवादी और डार्क अंदाज में पेश करेंगी। उन्होंने कहा कि यह सीरीज दर्शकों की उम्मीदों से अलग होगी। उनके मुताबिक, 'Student of the Year' की मूल पहचान को बरकरार रखते हुए इसे एक थ्रिलर कॉम्पिटिशन वेब सीरीज के रूप में पूरी तरह नया रूप दिया गया है।
रीमा ने करण जौहर द्वारा उनके विजन पर भरोसा जताने के लिए आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने शनाया कपूर की तारीफ करते हुए उन्हें मेहनती, पूरी तैयारी के साथ काम करने वाली और निर्देशकों के नजरिए को समझने वाली अभिनेत्री बताया।
इस दिन होगी स्ट्रीमिंग
'Student of the Year: After Dark' 13 नवंबर से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। शनाया कपूर के डिजिटल डेब्यू और फ्रेंचाइजी के नए थ्रिलर अवतार के कारण यह सीरीज दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन सकती है। अब देखना होगा कि सेंट टेरेसा की यह डार्क दुनिया दर्शकों को कितना रोमांचित करती है।
ये भी पढ़ें: अगर आपका सिलेंडर जल्दी हो जाता है खत्म, तो आजमाएं ये 3 नुक्शे, 1 महीने से ज्यादा चलेगी गैस!