Tiger Shroff Firing News: मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि रविवार शाम हुई इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से उनके आवास पर मुलाकात की और परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया। शिंदे ने साफ कहा कि मुंबई में किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उधर, पुलिस ने हमलावरों की तलाश तेज कर दी है।
टाइगर श्रॉफ की कार पर चलीं गोलियां, ड्राइवर घायल
मुंबई के विले पार्ले पश्चिम में जुहू पुलिस थाने की सीमा के भीतर रविवार शाम करीब 7 बजे फायरिंग की घटना सामने आई। पुलिस के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से निकलकर जा रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। इस घटना में टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गए। हालांकि, उनके ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना में कुल दो लोग घायल हुए हैं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। जिस अभिनेता की सुरक्षा के लिए निजी इंतजाम किए जाते हैं, उनकी कार पर इस तरह गोलीबारी होना अपने आप में गंभीर सवाल खड़े करता है।
टाइगर और उनकी मां से मिले एकनाथ शिंदे, दिया भरोसा
घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने अभिनेता और उनकी मां आयशा श्रॉफ को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है और जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
शिंदे ने घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए कहा कि टाइगर सुरक्षित हैं, लेकिन उनके ड्राइवर को चोट आई है। उन्होंने यह भी कहा कि अभिनेता के बाएं हाथ पर बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट लगी है। घटना से टाइगर और उनकी मां काफी सहमे हुए हैं। शिंदे ने दो टूक कहा कि मुंबई में किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उनका कहना था कि सार्वजनिक हस्तियों को धमकाने और लोगों में डर पैदा करने की कोशिशों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।
90 के दशक की याद दिलाकर क्या बोले शिंदे?
फायरिंग की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एकनाथ शिंदे ने मुंबई में 1990 के दशक में सक्रिय गैंगवार का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में इस तरह की घटनाएं आम थीं, लेकिन मुंबई पुलिस ने उन पर नियंत्रण पाया था। शिंदे ने कहा कि लोगों को डराने और दबाव बनाने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार ऐसी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाएगी।
हालांकि, इस घटना के पीछे किसका हाथ है और गोलीबारी की वजह क्या थी, यह अभी जांच का विषय है। फिलहाल किसी हमलावर की पहचान या घटना के पीछे की मंशा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
15 पुलिस टीमें जुटीं, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
मुंबई पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। डीसीपी मोहित गर्ग के मुताबिक, शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है और कई टीमें हमलावरों का पता लगाने में जुटी हैं। रिपोर्ट के अनुसार, करीब 15 पुलिस टीमें मामले पर काम कर रही हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा, आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस ने यह बताने से परहेज किया है कि कुल कितने राउंड गोलियां चलाई गईं। जांच आगे बढ़ने के साथ ही घटना से जुड़ी और जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
विपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था को लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस और शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।
वहीं, AIMIM नेता वारिस पठान ने इस घटना को कानून-व्यवस्था की विफलता बताया है। अब इस मामले में पुलिस की जांच के साथ सरकार की कार्रवाई पर भी नजर रहेगी। सबसे अहम सवाल यही है कि आखिर हमलावर कौन थे, उन्होंने टाइगर श्रॉफ को निशाना क्यों बनाया और मुंबई में इस तरह की घटना को कैसे अंजाम दिया गया? फिलहाल अभिनेता सुरक्षित हैं और पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। जांच के बाद ही फायरिंग के पीछे की असली वजह साफ हो सकेगी।
लॉरेंस के खास हैं अनिल पंडित और हरमन संधू
मुंबई पुलिस के मुताबिक, अनिल पंडित हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है। वह लॉरेंस गैंग का मुख्य शूटर और विदेशी मॉड्यूल हैंडलर है। वह लॉरेंस के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई का खास साथी है। हरमन संधू भी लंबे समय से विदेश में छिपा है। वह गिरोह के शूटरों को टारगेट की जानकारी देने का काम करता है।
और पढ़ें:
Karishma Talwar के साथ Romantic Edits पर प्रिंस नरूला ने तोड़ी चुप्पी, कहा, वो मेरी प्यार....