Lawrence Bishnoi Gang Targeted Tiger Shroff: रविवार, 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग ने बॉलीवुड में एक बार फिर दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। 7 राउंड गोलियां चलने की खबर और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एक शख्स द्वारा हमले की जिम्मेदारी लेने के दावे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है। इससे पहले भी कई फिल्मी सितारे इस गैंग के निशाने पर आ चुके हैं। आखिर क्या वजह है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग की बॉलीवुड से दुश्मनी बढ़ती जा रही है? क्या इसके पीछे कोई खास मकसद है?
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ!
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार, 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर 7 राउंड फायरिंग की खबर से सनसनी फैल गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम भी सामने आया है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कौन है अनिल पंडित ?
टाइगर श्रॉफ मामले में अब एक ऐसे नाम की चर्चा है, जिसके तार अमेरिका से लेकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग तक जुड़ने का दावा किया जा रहा है। नाम है अनिल पंडित, जो हरियाणा के पानीपत का रहने वाला बताया जाता है। खबरों के मुताबिक, वह 2024 में अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचा था और बाद में बिश्नोई गैंग के नेटवर्क से जुड़ गया। हालांकि, इस मामले में उसकी भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी
सलमान खान से दुश्मनी की शुरुआत कैसे हुई?
लॉरेंस बिश्नोई और सलमान खान के बीच विवाद की जड़ 1998 का काला हिरण शिकार मामला माना जाता है। राजस्थान में फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान सलमान पर काले हिरण के शिकार का आरोप लगा था। बिश्नोई समुदाय में काले हिरण को धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व दिया जाता है।
इसी विवाद के बाद लॉरेंस बिश्नोई कई बार सलमान खान से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग कर चुका है। हालांकि, जांच एजेंसियों के सामने यह सवाल भी रहा है कि क्या चर्चित हस्तियों को धमकाने के पीछे केवल पुराना विवाद है या फिर इसके जरिए गैंग अपनी ताकत और दहशत बढ़ाना चाहता है।
सलमान के घर से रोहित शेट्टी तक फायरिंग की घटनाएं
14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलीबारी हुई। जांच में बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों की कथित भूमिका की पड़ताल की गई। उसी साल 12 अक्टूबर को बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद भी सलमान खान और उनके करीबी लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
फरवरी 2026 में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की खबर आई। इसके बाद अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को कथित तौर पर फिरौती के लिए धमकी भरा वॉइस नोट मिलने की खबरें सामने आईं। जुलाई 2026 में आमिर खान को कथित धमकियों की खबर ने भी सुर्खियां बटोरीं।
गुरु रंधावा, एपी ढिल्लों और कपिल शर्मा भी चर्चा में
जून 2026 में दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित 24HS फिटनेस जिम के बाहर फायरिंग हुई। यह जिम गायक गुरु रंधावा से जुड़ा बताया गया। सोशल मीडिया पर अनिल पंडित की ओर से सलमान खान से करीबी को हमले की वजह बताया गया, हालांकि ऐसे दावों को सच मानना जल्दीबाजी होगी।
2024 में कनाडा में गायक एपी ढिल्लों के घर के बाहर गोलीबारी और कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुए हमलों की खबरें भी सामने आई थीं। इन घटनाओं को कथित तौर पर सलमान खान से संबंधों के साथ जोड़कर देखा गया। अभिनेता आयुष शर्मा से भी ईमेल के जरिए फिरौती मांगने की खबर सामने आई थी।
कौन है लॉरेंस बिश्नोई
लॉरेंस बिश्नोई पंजाब का रहने वाला है। छात्र राजनीति से चर्चा में आए बिश्नोई पर हत्या, आपराधिक साजिश, जबरन वसूली और हथियारों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उसके नेटवर्क के तार भारत के कई राज्यों और विदेशों तक फैले हैं। चर्चित हस्तियों को धमकाने से किसी आपराधिक नेटवर्क को मीडिया का ध्यान, डर का माहौल और कथित वसूली के लिए दबाव बनाने का अवसर मिल सकता है।
हालांकि, हर घटना के पीछे एक ही मकसद होने का निष्कर्ष जांच के बिना नहीं निकाला जा सकता। लेकिन सवाल ये है कि क्या बॉलीवुड को मिल रही धमकियां पुराने विवाद का बदला हैं, या फिर मशहूर चेहरों को निशाना बनाकर अपना दबदबा कायम रखने की रणनीति? टाइगर श्रॉफ मामले में पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो जाएगा।
सरकार का बयान
वहीं लॉरेंस बिश्नोई की ओर से लगातार हो रहे हमलों ने पुलिस प्रशासन और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहे हैं। फिलहाल सरकार का कहा है कि वो ऐसे मामलों पर सख्त एक्शन ले रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें: Manish Malhotra और Sabyasachi की तरह बनना चाहते है Fashion Icon...तो इस कोर्स में आज ही करें Apply!