रणबीर कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले एक्टर इसके प्रमोशन में जुटे हैं। इसी बीच रणबीर ने कोलकाता में दशहरे के मौके पर दिए अपने भाषण को लेकर माफी मांगी है। चेन्नई में आयोजित एक इवेंट के दौरान उन्होंने अपनी बात स्पष्ट करते हुए बताया कि वह उस दिन असल में क्या कहना चाहते थे। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर रणबीर को अपनी बात पर सफाई देने की जरूरत क्यों पड़ी? इसकी एक बड़ी वजह उनकी आने वाली फिल्म ‘रामायण’ भी मानी जा रही है, जिसमें वह भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं।

दशहरे पर कही बात को लेकर रणबीर ने मांगी माफी

दरअसल, कोलकाता में दशहरे के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में रणबीर कपूर ने कहा कि दशहरा हमें बहुत खूबसूरत बात याद दिलाता है कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में अंत सच्चाई और अच्छाई का ही होगा। हालांकि, बाद में उन्हें महसूस हुआ कि वह गलत बोल दिए है, जिसके बाद चेन्नई में हुए कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इस बात को स्वीकार किया और दर्शकों से माफी भी मांगी।

रणबीर ने कहा, “दशहरा इवेंट में मुझसे बोलने में गलती हो गई। मैं जो कहना चाह रहा था, वो ये था कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में जीत अच्छाई और सच्चाई की होगी।”

अपनी बात को आगे समझाते हुए रणबीर ने फिल्म ‘रॉकस्टार’ के गाने का जिक्र किया, उन्होंने एआर रहमान के साथ अपने जुड़ाव को याद करते हुए कहा, “ये लाइन मुझे रॉकस्टार में एआर रहमान सर के साथ के कोलैब की याद दिलाती है, जहां मैंने कहा था, ‘जो भी मैं कहना चाहूं, बर्बाद कर दें अल्फाज मेरे,’ तो मैं आप लोगों से दिल से माफी मांगना चाहता हूं।”

 
 
 
View this post on Instagram
 
 
 

A post shared by Tnp News (@tnpnewsnetwork)

‘रामायण’ की वजह से क्यों अहम है रणबीर की यह सफाई?

रणबीर कपूर की इस माफी को उनकी आने वाली फिल्म ‘रामायण’ के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। फिल्म में वह भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं, जिनकी कथा अच्छाई, सत्य, धर्म और मर्यादा के मूल्यों से जुड़ी है। ऐसे में दशहरे जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले मौके पर कही गई बात को लेकर स्पष्टता देना उनके लिए अहम हो जाता है।

कोलकाता में रणबीर ने भगवान राम की कथा के संदेश को सामने रखते हुए लोगों से प्यार बांटने, खुशियां फैलाने और सच्चाई के रास्ते पर चलने की अपील की थी। चेन्नई में अपनी बात दोहराकर उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उनका संदेश बुराई पर अच्छाई की जीत को लेकर ही था। फिल्म ‘रामायण’ के प्रमोशन के दौरान रणबीर का यह बयान इसलिए भी ध्यान खींच रहा है, क्योंकि दर्शक उन्हें पहली बार भगवान राम के किरदार में देखने वाले हैं। ऐसे में उनके सार्वजनिक बयानों और फिल्म से जुड़े आयोजनों पर भी लोगों की नजर बनी हुई है।

कोलकाता में रणबीर ने क्या कहा था?

कोलकाता में दशहरे के इवेंट में रणबीर ने कहा था, 'कोलकाता की धरती पर आकर दशहरा मनाना बहुत खुशी और सौभाग्य की बात है। मैं सभी का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। दशहरा हमें बहुत खूबसूरत बात याद दिलाता है कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में अंत सच्चाई और अच्छाई का ही होगा, तो प्यार बांटिए और खुशियां बांटिए और कोशिश कीजिए कि हमेशा सच्चाई की राह पर चलें। रामायण की टीम की तरफ से मैं दशहरा की शुभकामनाएं देना चाहता हूं। जय श्रीराम।'

ये भी पढ़ें- बार-बार खराब हो जाते हैं केले? बिना पैसा खर्च किए अपनाएं ये आसान उपाय

कब रिलीज होगी ‘रामायण: पार्ट 1’?

नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बन रही ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर को सिनेमाघरों में आने वाला है, जबकि दूसरा भाग अगले साल दिवाली के मौके पर रिलीज करने की योजना है। फिल्म में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी, रवि दुबे, अरुण गोविल, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय समेत कई कलाकार नजर आएंगे। थिएटर रिलीज के बाद फिल्म को जियोहॉटस्टार पर पे-पर-व्यू सुविधा के तहत उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई है, जिसके जरिए दर्शक फिल्म खरीदकर देख सकेंगे।

फिलहाल, फिल्म की रिलीज से पहले रणबीर का दशहरे वाले बयान पर माफी मांगना चर्चा का विषय बन गया है।