Akka Trailer: कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे की आने वाली सीरीज 'अक्का' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में दोनों अभिनेत्रियां दमदार अंदाज में नजर आ रही हैं। कहानी दो ताकतवर महिलाओं की है, जो अपने वर्चस्व और विरासत को बचाने के लिए एक-दूसरे के सामने खड़ी हैं। एक्शन, दमदार डायलॉग और सत्ता की लड़ाई से भरा यह ट्रेलर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा रहा है। यह सीरीज 30 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

पेरनुरू की दुनिया में दिखेगी सत्ता की लड़ाई

'अक्का' का निर्माण YRF एंटरटेनमेंट ने किया है, जबकि इसका निर्देशन धर्मराज शेट्टी ने किया है। कहानी पेरनुरू नाम की जगह और वहां के शक्तिशाली परिवारों के इर्द-गिर्द घूमती है। यहां महिलाओं का दबदबा है और वे अपनी ताकत, पहचान और विरासत को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। ट्रेलर में दिखाया गया है कि जब पुरानी व्यवस्था को चुनौती मिलती है, तो हालात किस तरह बदलने लगते हैं। कहानी में सत्ता, परिवार, वफादारी और बदले की भावना जैसे मुद्दों को भी दिखाया जाएगा।

भवानी और रुद्रा के बीच होगी सीधी टक्कर

सीरीज में कीर्ति सुरेश भवानी का किरदार निभा रही हैं, जो एक मजबूत नेता हैं और अपनी विरासत को बचाना चाहती हैं। वहीं, राधिका आप्टे रुद्रा के रोल में नजर आएंगी। रुद्रा अपने तरीके से जिंदगी जीना चाहती हैं और पुराने नियमों को चुनौती देने से पीछे नहीं हटतीं। कीर्ति के मुताबिक, भवानी ताकतवर होने के साथ-साथ कई मुश्किल फैसले भी लेती है। वहीं, राधिका ने बताया कि रुद्रा हालात के सामने झुकने वाली महिला नहीं है। दोनों अभिनेत्रियों के बीच की टक्कर कहानी को और दिलचस्प बनाती है।

दमदार कलाकारों से सजी है सीरीज

कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे के अलावा 'अक्का' में तन्वी आजमी, महेश मांजरेकर, अंशुमन पुष्कर और मोनिका पंवार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। दो मजबूत महिला किरदारों की इस कहानी में दर्शकों को एक्शन के साथ रिश्तों और महत्वाकांक्षाओं का टकराव भी देखने को मिलेगा। अब देखना होगा कि भवानी और रुद्रा की यह जंग किस मोड़ पर पहुंचती है। 'अक्का' 30 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

ये भी पढ़ें: तलाक के बाद पहली बार माही विज ने तोड़ी चुप्पी, एलिमनी न लेने की बताई वजह!