Rehnaa hai terre dil mein: बॉलीवुड की चर्चित रोमांटिक फिल्मों में शुमार 'रहना है तेरे दिल में' ने अपने 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर अभिनेत्री दीया मिर्ज़ा और अभिनेता आर. माधवन ने फिल्म से जुड़ी यादें साझा करते हुए दर्शकों का आभार जताया। साल 2001 में रिलीज हुई इस फिल्म को भले ही शुरुआती दौर में मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली हो, लेकिन समय के साथ इसने दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली। आज भी फिल्म के गाने और इसके रोमांटिक पल लोगों के बीच लोकप्रिय हैं।
दीया मिर्ज़ा ने साझा किए शूटिंग के अनदेखे पल
दीया मिर्ज़ा ने फिल्म की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक खास वीडियो साझा किया, जिसमें शूटिंग के दौरान के कुछ अनदेखे बिहाइंड द सीन्स पल देखने को मिले। उन्होंने उन दिनों को याद किया, जब महज 19 साल की उम्र में उन्होंने इस फिल्म से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था।
View this post on Instagram
दीया ने अपने संदेश में लिखा कि अक्टूबर 2001 में अखबारों में उन्हें 'दिया' और माधवन को 'मैडी' के नाम से लिखा गया था। उस समय दोनों को अंदाजा नहीं था कि यह फिल्म भविष्य में इतनी खास बन जाएगी। अभिनेत्री ने शूटिंग के अनुभवों का जिक्र करते हुए बताया कि सेट पर 18 घंटे तक काम करना, अनगिनत रीटेक, हंसी-मजाक और थकान रोजमर्रा का हिस्सा थे। हालांकि, आज पीछे मुड़कर देखने पर ये सभी पल उन्हें जादुई लगते हैं।
सदाबहार गानों और फैंस के प्यार को किया याद
दीया ने फिल्म के लोकप्रिय गानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 25 साल बाद भी ये गाने उन्हें अलग-अलग जगहों पर सुनाई देते हैं। अभिनेत्री के मुताबिक, इन वर्षों में दर्शकों से मिला प्यार उनके लिए सबसे अनमोल रहा है। उन्होंने अपने प्रशंसकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि फिल्म में बारिश में नाचने वाली 19 साल की लड़की आज भी उनके स्नेह और उदारता के लिए आभारी है।
आर. माधवन ने भी जताया दर्शकों का आभार
फिल्म में मैडी का यादगार किरदार निभाने वाले आर. माधवन ने भी इंस्टाग्राम पर वीडियो संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि फिल्म को रिलीज हुए 25 साल बीत चुके हैं। उनके मुताबिक, माधव शास्त्री का किरदार आज भी उनके भीतर उसी उत्साह के साथ जीवित है। अभिनेता ने इतने वर्षों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए दर्शकों का दिल से धन्यवाद किया।
View this post on Instagram
गौतम मेनन के निर्देशन में बनी थी फिल्म
गौतम वासुदेव मेनन के निर्देशन में बनी 'रहना है तेरे दिल में' दीया मिर्ज़ा के अभिनय करियर की शुरुआत और आर. माधवन की शुरुआती हिंदी फिल्मों में से एक थी। फिल्म में सैफ अली खान और अनुपम खेर ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं। अपनी रोमांटिक कहानी, यादगार किरदारों और लोकप्रिय संगीत के कारण यह फिल्म आज भी प्रशंसकों के बीच खास पहचान रखती है। 25 साल बाद भी इसकी लोकप्रियता साबित करती है कि सच्ची प्रेम कहानियों का आकर्षण समय के साथ कम नहीं होता।
ये भी पढ़ें: प्राजक्ता माली और आदिनाथ कोठारे की नई फिल्म 'गौरी' का ऐलान, पोस्टर ने खींचा ध्यान!