मराठी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता और निर्देशक आदिनाथ एम. कोठारे अपनी दूसरी फीचर फिल्म 'गौरी' के साथ निर्देशन की दुनिया में वापसी करने के लिए तैयार हैं। नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली फिल्म 'पानी' से निर्देशन में कदम रखने वाले आदिनाथ इस बार एक महिला-केंद्रित कहानी लेकर आ रहे हैं। NH स्टूडियोज के बैनर तले बनने वाली इस मराठी फिल्म में अभिनेत्री प्रजक्ता माली मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। फिल्म की घोषणा दशहरे के अवसर पर की गई, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
महिलाओं के संघर्ष और न्याय की कहानी है 'गौरी'
फिल्म के पोस्टर में प्रजक्ता माली 'गौरी' के किरदार में दिखाई दे रही हैं। हालांकि, फिल्म की कहानी केवल एक महिला और उसके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के बीच एकजुटता और न्याय के लिए साथ खड़े होने के महत्व को भी दर्शाती है।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 'गौरी' समाज में महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय को संवेदनशीलता के साथ सामने लाने का प्रयास करेगी। फिल्म यह दिखाएगी कि किस तरह मुश्किल परिस्थितियों में एक महिला दूसरी महिला को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कहानी और बाकी कलाकारों से जुड़ी जानकारी फिलहाल गुप्त रखी गई है।
आदिनाथ कोठारे ने साझा किया अपना नजरिया
निर्देशक आदिनाथ एम. कोठारे का कहना है कि उनके लिए कहानियों को ईमानदारी और सच्चाई के साथ प्रस्तुत करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि 'गौरी' के माध्यम से दर्शकों को एक युवा महिला के संघर्षों, उसके रिश्तों और न्याय पाने की कोशिशों को एक अलग नजरिए से देखने का अवसर मिलेगा। उनके अनुसार, इस तरह की महत्वपूर्ण कहानी का निर्देशन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
प्रजक्ता माली ने जताई खास उम्मीद
प्रजक्ता माली ने फिल्म की घोषणा को एक खूबसूरत संयोग बताया। उन्होंने याद दिलाया कि उनकी फिल्म 'फुल्लवंती' नवरात्रि के दौरान नवमी पर रिलीज हुई थी, जबकि 'गौरी' की घोषणा दशमी यानी दशहरे के दिन हुई।
अभिनेत्री ने उम्मीद जताई कि यह फिल्म महिलाओं को अपने जीवन में मौजूद चुनौतियों का साहस के साथ सामना करने की प्रेरणा देगी। अब दर्शकों को फिल्म की कहानी और रिलीज डेट से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
ये भी पढ़ें: 12 लाख रुपये सालाना पैकेज के बाद भी Rapido चला रहा इंजीनियर, वजह चौंका देगी