
कार्यस्थल पर कर्मचारियों की निगरानी कितनी उचित है, इस सवाल को लेकर सोशल मीडिया पर नई चर्चा शुरू हो गई है। यह बहस तब तेज हुई जब अहमदाबाद की एक निजी कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी ने दावा किया कि उसके वॉशरूम ब्रेक का विस्तृत रिकॉर्ड रखा गया और उसे निर्धारित समय से अधिक ब्रेक लेने के कारण अतिरिक्त समय तक कार्यालय में रुकने के लिए कहा गया।
कर्मचारी ने ऑनलाइन मंच पर सुनाया आपबीती
कर्मचारी ने अपनी आपबीती एक ऑनलाइन मंच पर सुनाया। पोस्ट में उसने बताया कि वह पिछले लगभग 10 महीनों से कंपनी में कार्यरत है। उसके अनुसार, प्रबंधन ने उसके वॉशरूम जाने के समय का हिसाब लगाते हुए बताया कि उसने एक दिन में कुल 53 मिनट वॉशरूम में बिताए, जबकि कंपनी अनौपचारिक रूप से 30 मिनट का समय स्वीकार्य मानती है।
कर्मचारी ऑफिस को लेकर कही ये बात
कर्मचारी का कहना है कि प्रबंधन ने उसे सूचित किया कि उसने तय सीमा से अधिक समय लिया है, इसलिए उसे इसकी भरपाई के लिए करीब 40 मिनट अतिरिक्त कार्यालय में काम करना होगा। उसने यह भी दावा किया कि वह वॉशरूम जाते समय अपना मोबाइल फोन डेस्क पर ही छोड़ देता है और अपने सभी कार्य समय पर पूरा करता है।
कई महीनों से दिनचर्या लगभग समान रही है- कर्मचारी
पोस्ट में कर्मचारी ने कहा कि पिछले कई महीनों से उसकी दिनचर्या लगभग समान रही है और उसके प्रदर्शन या काम की गुणवत्ता को लेकर कभी कोई शिकायत नहीं की गई। उसके मुताबिक, वह नियमित रूप से अपने दायित्वों को पूरा करता रहा है और काम पर इसका कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ा।
मामला सोशल मीडिया पर वायरल
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई लोगों ने कर्मचारी के समर्थन में प्रतिक्रिया दी। कुछ यूजर्स ने इसे अत्यधिक निगरानी का उदाहरण बताया, जबकि अन्य ने कार्यस्थल पर कर्मचारियों की निजता और सम्मान बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, कुछ लोगों ने कर्मचारी को बेहतर कार्य वातावरण वाली नई नौकरी तलाशने की सलाह भी दी।
यूजर्स कर रहे हैं कई सवाल
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि उत्पादकता और अनुशासन बनाए रखने के नाम पर कंपनियां कर्मचारियों की गतिविधियों की निगरानी किस सीमा तक कर सकती हैं, और कार्यस्थल पर व्यक्तिगत गरिमा तथा गोपनीयता के बीच संतुलन कैसे बनाया जाना चाहिए।
Written By Toshi Shah















