
पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। TMC के सांसद और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर क्षेत्र में कथित हमला किए जाने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि अभिषेक बनर्जी एक पार्टी कार्यकर्ता के घर जाने के दौरान विरोध प्रदर्शन का सामना कर रहे थे, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर अंडे, पत्थर और अन्य वस्तुएं फेंकीं। इस दौरान उनके कपड़े भी फट गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अभिषेक बनर्जी को सुरक्षित स्थान पहुंचाया गया
घटना के बाद वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल अभिषेक बनर्जी को सुरक्षा घेरे में लिया और एहतियात के तौर पर उनके सिर पर हेलमेट पहनाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी भी की। वहीं, टीएमसी नेताओं ने आरोप लगाया है कि इस हमले के पीछे बीजेपी के कार्यकर्ता शामिल थे।
अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए
हमले के बाद अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना भाजपा द्वारा प्रायोजित थी और उन्हें जान से मारने की साजिश रची गई थी। उन्होंने कहा, आप देख सकते हैं कि मेरी क्या हालत कर दी गई है। यही उनकी लोकतंत्र की शैली है। यहां पुलिस कहीं दिखाई नहीं दे रही थी और मुझे पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई।
राज्यपाल के समक्ष शिकायत दर्ज कराएंगे अभिषेक
अभिषेक बनर्जी ने यह भी दावा किया कि उन्होंने पहले ही प्रशासन और अधिकारियों को अपने दौरे की जानकारी दे दी थी,लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने हेलमेट नहीं पहना होता तो उनके सिर पर गंभीर चोट लग सकती थी। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले को लेकर वे उच्च न्यायालय और राज्यपाल के समक्ष शिकायत दर्ज कराएंगे।
घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के परिणाम घोषित होने के बाद से राज्य के विभिन्न हिस्सों में राजनीतिक हिंसा और हमलों की घटनाएं सामने आती रही हैं। अभिषेक बनर्जी इन दिनों ऐसे ही प्रभावित परिवारों से मिलने के लिए दौरा कर रहे हैं। सोनारपुर की घटना के बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में राजनीतिक तनाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Written By: Geeta Sharma















