बिहार की राजनीति में फिर से हलचल मच गई है। मोकामा से जेडीयू उम्मीदवार और बाहुबली छवि वाले पूर्व विधायक अनंत सिंह को रविवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में हुई है।
अनंत सिंह की पहली प्रतिक्रिया
गिरफ्तारी के बाद अनंत सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, “सत्यमेव जयते !! मुझे मोकामा की जनता पर पूरा भरोसा है, अब चुनाव मोकामा की जनता लड़ेगी।” उनकी यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और समर्थकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
दुलारचंद यादव के परिजनों ने उठाए सवाल
अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद दुलारचंद यादव के पोते ने प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “प्रशासन सिर्फ एक पक्ष के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। हमने 24 घंटे का अल्टीमेटम इसलिए दिया था क्योंकि पुलिस पूरे मामले को नजरअंदाज कर रही थी। अनंत सिंह खुलेआम प्रचार कर रहे थे, जबकि वे एक आरोपी थे।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर बिहार में इस समय चुनाव नहीं हो रहे होते, तो ऐसी घटनाएं नहीं होतीं। इसके लिए उन्होंने चुनाव आयोग और पटना एसएसपी दोनों को जिम्मेदार ठहराया।
क्या है पूरा मामला?
30 अक्टूबर को मोकामा में चुनाव प्रचार के दौरान दो गुटों में भिड़ंत हो गई थी। झड़प के दौरान गोलीबारी हुई और दुलारचंद यादव की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव फैला दिया था।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया, “घटना के दौरान दोनों पक्षों में पथराव और गोलीबारी हुई। जांच में पता चला कि यह सब अनंत सिंह की मौजूदगी में हुआ। सबूत और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर उन्हें मुख्य आरोपी बनाया गया है।” पुलिस ने अनंत सिंह के साथ मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को भी गिरफ्तार किया है।
- YUKTI RAI

.jpg)
