
पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पूर्व सीएम ममता बनर्जी की पार्टी TMC के बागी सांसदों ने आज दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी की है। जानकारी के अनुसार, लगभग 20 बागी सांसद पहले केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता भूपेंद्र यादव के आवास पर मुलाकात करेंगे और इसके बाद बंग भवन में डिनर मीटिंग के दौरान आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
सुदीप बंदोपाध्याय के वजह से बढ़ी बागी सांसदों की संख्या
सूत्रों के मुताबिक, इस बागी गुट में अब पार्टी के वरिष्ठ नेता सुदीप बंदोपाध्याय के शामिल होने से गुट और मजबूत हो गया है। उनकी मौजूदगी के बाद बागी सांसदों की संख्या 20 तक पहुंच गई है, जबकि लोकसभा में TMC के कुल 28 सांसद हैं। इस स्थिति ने पार्टी के भीतर शक्ति संतुलन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दिल्ली में बागी सांसदों का शक्ति प्रदर्शन
दिल्ली में हो रही इस राजनीतिक गतिविधि के बीच कोलकाता से भी कई नेता शामिल होने के लिए रवाना हुए हैं। सांसद सायोनी घोष और माला रॉय भी इस बैठक का हिस्सा बनने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि बागी गुट का दावा है कि उनके पास अब बहुमत के लिए आवश्यक संख्या से अधिक समर्थन है, जिससे पार्टी नेतृत्व पर दबाव बढ़ गया है।
ममता बनर्जी ने संगठन में किए बड़े बदलाव
इसी बीच ममता बनर्जी ने संगठन में बड़े बदलाव किए हैं। सुदीप बंदोपाध्याय की जगह अब कुणाल घोष को नॉर्थ कोलकाता संगठनात्मक जिले का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, सायोनी घोष की जगह युवा संगठन की जिम्मेदारी नए नेताओं को सौंपी गई है और महिला विंग में भी नेतृत्व परिवर्तन किया गया है, जिसमें अलिफ़ा अहमद को नई जिम्मेदारी दी गई है।
फर्जी हस्ताक्षर मामले में अभिषेक बनर्जी पूछताछ जारी
राजनीतिक संकट के साथ-साथ पार्टी के भीतर कानूनी और जांच संबंधी दबाव भी बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के भतीजे अभिषेक बनर्जी को लेकर चल रहे कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में जांच एजेंसी CID West Bengal पूछताछ कर रही है। आरोप है कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के चयन से जुड़े दस्तावेजों में फर्जी सिग्नेचर कराए गए थे। इस मामले में उन्हें पहले भी लंबी पूछताछ का सामना करना पड़ा है।
Written By: Geeta Sharma















