
असम के जोरहाट स्थित भारतीय वायुसेना (IAF) स्टेशन पर एक सैन्य विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई है। शुरूआती जानकारी के अनुसार, यह विमान AN-32 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट था, जिसका उपयोग मुख्य रूप से सामान और सैन्य रसद ढोने के लिए किया जाता है। यह हादसा उस समय हुआ जब विमान एयरबेस पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था।
तकनीकी समस्या का संचालन में चूक की आशंका
सूत्रों के अनुसार, लैंडिंग के दौरान विमान के साथ तकनीकी समस्या या संचालन संबंधी चूक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। भारतीय वायुसेना ने आधिकारिक रूप से घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए Court of Inquiry का आदेश दे दिया गया है।
हादसे के बाद बचाव और राहत कार्य शुरू
हादसे के तुरंत बाद एयरबेस पर बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए गए। आग लगने की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फायर ब्रिगेड और वायुसेना की आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे को हटाने और क्षेत्र को सुरक्षित करने का कार्य भी शुरू किया गया।
कई लोगों के मौत और घायल होने की आशंका
ऐसा दावा किया जा रहा है कि इस हादसे में कई लोगों की मौत हुई है, जबकि एक को-पायलट के जीवित बचने और घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती होने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, भारतीय वायुसेना ने अब तक किसी भी प्रकार के हताहतों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही साझा की जाएगी।
IAF प्रवक्ता का बयान
IAF प्रवक्ता के अनुसार, विमान लैंडिंग के दौरान रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना के बाद वरिष्ठ वायुसेना अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया गया है और सामान्य संचालन प्रभावित हुआ है या नहीं, इस पर भी जांच जारी है।
हादसे की हर पहलू जांच की जाएगी: भारतीय वायुसेना
भारतीय वायुसेना ने स्पष्ट किया है कि विमान दुर्घटना के हर पहलू की गहन जांच की जाएगी, जिसमें तकनीकी खराबी, मौसम की स्थिति, पायलट की प्रतिक्रिया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जुड़े सभी रिकॉर्ड शामिल होंगे। कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी की रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Written By: Geeta Sharma















