
कर्नाटक की राजनीति में लंबे समय से चल रही नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं पर विराम लग गया है। कांग्रेस आलाकमान ने राज्य की सत्ता की कमान वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार को सौंपने का फैसला किया है। इसके साथ ही डीके शिवकुमार 3 जून को कर्नाटक के 25वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इस बदलाव से पहले मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पार्टी नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
किस दिन होगा शपत ग्रहण समारोह ?
मीडिया से बातचीत में कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने शपथ ग्रहण समारोह की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम 3 जून को आयोजित किया जाएगा। सरकारी सूत्रों के अनुसार,शपथ ग्रहण समारोह बेंगलुरु स्थित लोकभवन के ग्लास हाउस में आयोजित होगा,जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता,मंत्री,पार्टी कार्यकर्ता और राज्यभर से आए समर्थक शामिल होंगे।
शिवकुमार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा
कर्नाटक में पिछले 3 वर्षों से मुख्यमंत्री पद को लेकर राजनीतिक खींचतान जारी थी। कांग्रेस सरकार के गठन के समय ही सत्ता के बंटवारे को लेकर चर्चाएं हुई थीं। अब पार्टी ने नेतृत्व परिवर्तन की योजना को लागू करते हुए शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया है। शनिवार शाम को कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इस बैठक में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला भी उपस्थित रहेंगे।
संगठन और सरकार के बीच संतुलन बनाए रखने की कोशिश
बैठक की शुरुआत में सिद्धारमैया के नेतृत्व और उनके कार्यकाल की सराहना की जाएगी। इसके बाद औपचारिक रूप से डीके शिवकुमार को विधायक दल का नया नेता चुना जाएगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बदलाव कांग्रेस द्वारा पहले से तय नेतृत्व व्यवस्था का हिस्सा है, जिससे संगठन और सरकार के बीच संतुलन बनाए रखने की कोशिश की गई है।
प्रियंका ने भी डीके शिवकुमार के नाम का किया था समर्थन
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी डीके शिवकुमार के नाम का समर्थन किया था। दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध रहे हैं। विशेष रूप से लोकसभा चुनाव के दौरान वायनाड में प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार में शिवकुमार की सक्रिय भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
डीके शिवकुमार के साथ 5 अन्य विधायक भी लेंगे शपथ
मुख्यमंत्री पद की शपथ के साथ ही डीके शिवकुमार के साथ 5 अन्य विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके बाद कांग्रेस मंत्रिमंडल विस्तार पर व्यापक चर्चा करेगी और विभिन्न क्षेत्रों तथा समुदायों को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति तैयार करेगी। माना जा रहा है कि नए नेतृत्व के साथ कांग्रेस राज्य में अपने संगठन और शासन दोनों को और मजबूत करने का प्रयास करेगी।
Written By: Geeta Sharma















