
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (C.Joseph Vijay) ने बीते दिन यानी बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) से मुलाकात कर राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री बनने के बाद राजधानी में पीएम मोदी के साथ उनकी यह पहली औपचारिक बैठक थी। इस दौरान विजय ने केंद्र सरकार को एक ज्ञापन सौंपते हुए कर्नाटक के प्रस्तावित मेकेदातु बांध परियोजना पर गंभीर चिंता जताई।
विजय ने प्रधानमंत्री से किया आग्रह
मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी की सहमति के बिना मेकेदातु परियोजना को मंजूरी न दी जाए, उन्होंने कहा कि इस परियोजना को लेकर तीनों राज्यों के किसानों के बीच आशंका और चिंता का माहौल है। उनके अनुसार, कर्नाटक द्वारा इस दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा कदम कावेरी जल बंटवारे से जुड़े न्यायिक फैसलों की भावना के विपरीत है।
मेकेदातु परियोजना के लिए भूमि पूजन पर विजय ने किया चर्चा
सीएम विजय ने विशेष रूप से कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार द्वारा मेकेदातु परियोजना के लिए भूमि पूजन कराने की घोषणा का उल्लेख किया, उन्होंने कहा कि यह कदम कावेरी जल विवाद ट्रिब्यूनल के अंतिम निर्णय और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के खिलाफ माना जा सकता है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि केंद्र सरकार केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय और केंद्रीय जल आयोग को स्पष्ट निर्देश दे कि संबंधित राज्यों की सहमति के बिना परियोजना को स्वीकृति न दी जाए।
सीएम विजय ने तमिलनाडु के राज्य गीत पर की बात
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने तमिलनाडु के राज्य गीत ‘तमिल थाई वझथु’ का मुद्दा भी उठाया, उन्होंने कहा कि राज्य में लंबे समय से सभी सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत इस गीत के साथ होती रही है और यह तमिल संस्कृति व परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
‘तमिल थाई वझथु’ को लेकर विजय ने कही ये बात
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से यह भी आग्रह किया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय इस संबंध में स्पष्टता प्रदान करे ताकि तमिलनाडु में सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत पहले की तरह ‘तमिल थाई वझथु’ से होती रहे, उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 में जारी एक अधिसूचना में कहा गया था कि सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ और उसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ से की जाएगी, जिसके बाद राज्य में इस पर चर्चा तेज हो गई है।
सांस्कृतिक पहचान और परंपरा पर विजय ने पीएम से कही ये बात
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि तमिलनाडु की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक व्यवस्थाओं का सम्मान बनाए रखना आवश्यक है, उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार राज्यों की भावनाओं और संघीय ढांचे की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेगी।
Written By Toshi Shah















