
पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के अधिकतर जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि आने वाले दिनों में यह 42 से 44 डिग्री तक जा सकता है। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 26 मई तक हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
23 मई से स्कूलों मेंगर्मियों की छुट्टियों
गर्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए 23 मई से स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए स्कूलों को बंद करना जरूरी हो गया था। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा है कि तेज धूप और अधिक शारीरिक मेहनत से बचना चाहिए। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
पंजाब में भी 25 मई से छुट्टियां घोषित
पंजाब में भी जल्द ही गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार स्कूलों में 25 मई 2026 से छुट्टियां घोषित कर सकती है और स्कूल 1 जुलाई से दोबारा खुल सकते हैं। हालांकि अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है, लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए जल्द निर्णय लिया जा सकता है। अभिभावक भी लगातार स्कूलों को बंद करने की मांग कर रहे हैं ताकि बच्चों को भीषण गर्मी से बचाया जा सके।
हरियाणा में 24 मई तक छुट्टियां
हरियाणा सरकार ने भी गर्मी को देखते हुए स्कूलों को समय से पहले बंद करने का फैसला लिया है। पहले राज्य में गर्मियों की छुट्टियां 1 जून से शुरू होनी थीं, लेकिन अब इन्हें 25 मई से लागू किया जाएगा। 24 मई रविवार होने के कारण बच्चों को केवल 23 मई तक ही स्कूल जाना होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों के साथ बैठक के बाद इस फैसले की घोषणा की। सरकार का मानना है कि बच्चों को लू और गर्म हवाओं से बचाने के लिए यह कदम बेहद जरूरी है।
दिल्ली और राजस्थान में 17 मई से 20 जून तक गर्मियों की छुट्टी
दिल्ली और राजस्थान में भी स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। दिल्ली में सरकारी स्कूल 11 मई से बंद कर दिए गए थे और अब वे सीधे 1 जुलाई को खुलेंगे। कई निजी स्कूलों ने भी इसी तरह छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। वहीं राजस्थान सरकार ने 17 मई से 20 जून 2026 तक गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा की है। हालांकि इस बार छुट्टियों की अवधि कम किए जाने से कई अभिभावकों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि जून में भी अत्यधिक गर्मी रहती है, इसलिए स्कूल जल्दी खोलना बच्चों की सेहत के लिए ठीक नहीं होगा।
कई राज्यों में पड़ रही रिकॉर्डतोड़ गर्मी
देश के कई राज्यों में पड़ रही रिकॉर्डतोड़ गर्मी ने सरकारों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग लगातार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों का पालन करने की आवश्यकता है।
Written By: Geeta Sharma















