
भोपाल में 31 वर्षीय नवविवाहिता ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मॉडल, मार्केटिंग प्रोफेशनल और साउथ इंडियन फिल्मों में काम कर चुकी ट्विशा 12 मई 2026 की रात अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। इस घटना के बाद मृतका के परिवार ने पति और सास पर दहेज प्रताड़ना तथा हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भोपाल पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है।
कौन हैं ट्विशा शर्मा?
नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा पेशे से मार्केटिंग और कम्युनिकेशन एक्सपर्ट थीं। उन्होंने पुणे के सावित्रीबाई फुले विश्वविद्यालय से BBA और नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से MBA किया था। कॉर्पोरेट सेक्टर में काम करने के साथ-साथ उन्होंने मॉडलिंग और तेलुगु फिल्मों में भी अभिनय किया था। वर्ष 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए उनकी मुलाकात भोपाल निवासी वकील समर्थ सिंह से हुई थी। दोनों ने दिसंबर 2025 में प्रेम विवाह किया था। समर्थ सिंह की मां गिरिबाला सिंह न्यायिक सेवा से सेवानिवृत्त जज हैं और वर्तमान में जिला उपभोक्ता फोरम की अध्यक्ष हैं।
क्या है पूरा मामला?
12 मई की रात ट्विशा अपने भोपाल स्थित कटारा हिल्स वाले ससुराल में संदिग्ध हालत में फंदे से लटकी मिलीं। पति और सास उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। मृतका के पिता नवनिधि शर्मा और भाई, जो भारतीय सेना में मेजर हैं, ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है। परिवार का दावा है कि मौत से करीब एक घंटे पहले ट्विशा ने फोन पर बताया था कि वह ससुराल में प्रताड़ना से परेशान हैं और नोएडा वापस लौटना चाहती हैं।
ट्विशा ने पति पर लगाए गंभीर आरोप!
14 मई को ट्विशा और उनकी मां के बीच हुई कथित चैट के स्क्रीनशॉट सामने आए,जिनमें ट्विशा ने पति पर मानसिक प्रताड़ना और चरित्र पर शक करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद मामला और गरमा गया। 15 मई को पुलिस ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज मृत्यु और उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज किया।
जांच में जुटी पुलिस
17 मई को भोपाल पुलिस ने 6 सदस्यीय SIT गठित कर जांच ACP स्तर के अधिकारी को सौंपी। इसी दिन न्याय की मांग को लेकर ट्विशा के परिजनों ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना भी दिया। वहीं 18 मई को गिरिबाला सिंह की जमानत अर्जी में ट्विशा को ड्रग एडिक्ट बताए जाने का दावा सामने आया। दूसरी ओर ट्विशा के पिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर AIIMS दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम और मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की है। पुलिस ने फरार पति समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
Written By: Geeta Sharma









.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

