ISS पर दिखा अद्भुत नजारा, ASIM की खास निगरानी में वैज्ञानिक भी रह गए हैरान

ISS के कैपुला डोम से एस्ट्रोनॉट्स हाई-स्पीड कैमरों से 1 लाख फ्रेम प्रति सेकंड की गति से वीडियो बनाते हैं।

09 March 2026

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन ) (ISS) पर बैठे एस्ट्रोनॉट्स ने हाल ही में एक अद्वितीय दृश्य देखा है। पृथ्वी पर हम सिर्फ बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली की चमक महसूस करते हैं, लेकिन बादलों से लगभग 90 किलोमीटर ऊपर पतली वायुमंडलीय परत में रंग-बिरंगे बिजली के फूल खिलते हैं। इन्हें ट्रांजिएंट ल्यूमिनस इवेंट्स (TLEs) कहा जाता है, जिसमें नीले जेट, लाल स्प्राइट्स, बैंगनी हेलो और अल्ट्रावायलेट रिंग्स शामिल हैं। ये घटनाएं इतनी त्वरित होती हैं कि आम लोगों के लिए इन्हें देख पाना मुश्किल है।

ASIM ने की अनोखी खोज

ISS पर यूरोपियन स्पेस एजेंसी (ESA) की मशीन ASIM (Atmosphere-Space Interactions Monitor) लगातार पृथ्वी की निगरानी करती है। इसके हाई-स्पीड कैमरे और फोटोमीटर बादलों के ऊपर होने वाली छोटी-छोटी बिजली की घटनाओं को रिकॉर्ड करते हैं। ASIM ने यह पता लगाया कि बादलों की ऊपरी परत से निकलने वाली बिजली आयनोस्फियर तक पहुंचकर ELVES जैसी अल्ट्रावायलेट रिंग बनाती है, जो सैकड़ों मील तक फैल सकती है और रेडियो सिग्नल को प्रभावित कर सकती है।

उल्टा जेलीफिश जैसा दृश्य

सबसे रहस्यमयी घटना रेड स्प्राइट्स है। ये 48-80 किलोमीटर ऊंचाई पर बादलों के ऊपर अचानक दिखाई देती हैं और उल्टे जेलीफिश जैसी लटकती हैं। केवल 10 मिलीसेकंड तक दिखाई देने वाले ये लाल बिजली के फूल बेहद तेज चमकते हैं। ASIM ने इनकी तस्वीरें और वीडियो भी कैद किए हैं। इसके अलावा, नीले जेट्स भी बादलों से ऊपर तीर की तरह निकलते हैं, जिन्हें अब अंतरिक्ष से ऊंचाई और गति के साथ मापा जा रहा है।

red sprites over cloud

ISS बनाता है 3D नक्शा

ISS के कैपुला डोम से एस्ट्रोनॉट्स हाई-स्पीड कैमरों से 1 लाख फ्रेम प्रति सेकंड की गति से वीडियो बनाते हैं। ये स्लो-मोशन वीडियो बिजली के प्लाज्मा को समझने में मदद करते हैं और भविष्य में पावर ग्रिड और एयरलाइंस को चेतावनी देने में काम आएंगे। बिजली केवल रोशनी ही नहीं, कभी-कभी गामा रे फ्लैश भी पैदा करती है। जापान स्पेस एजेंसी का लाइट-1 क्यूबसैट इन हाई-एनर्जी फोटॉनों को पकड़ता है और तूफानों का 3D नक्शा बनाने में मदद करता है।

Written By Toshi Shah

TNP News,

115 B Hind Saurashtra Indl Estate, Marol Metro Station Andheri East, Mumbai - 400059
Call: +91 9818841730, +91 9818821470
Email: info@tnpnews.in