Ajay Rai Ayodhya Controversy: अयोध्या में कांग्रेस के एक स्वागत कार्यक्रम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सावन महीने के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में मछली परोसे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है और इसे सनातन आस्था से जोड़ते हुए विरोध जताया है।
मामला उस समय सामने आया जब उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय अयोध्या पहुंचे थे। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद तरुण बाजार इलाके में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां मछली बनाए जाने का वीडियो सामने आया।
सोशल मीडिया वीडियो के बाद शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि यह स्वागत कार्यक्रम कांग्रेस नेता राम निहाल निषाद की ओर से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजपाल गौतम, राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह और पूर्वांचल प्रभारी अभिषेक दत्त समेत कई नेता मौजूद थे।कार्यक्रम स्थल से सामने आए वीडियो में मछली तैयार किए जाने का दावा किया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर बहस शुरू हो गई।सावन का महीना हिंदू धर्म में भगवान शिव की आराधना के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी वजह से भाजपा नेताओं ने इस आयोजन पर सवाल उठाए हैं।
BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि सावन महीने में करोड़ों सनातनी भगवान शिव की पूजा करते हैं और ऐसे समय में इस तरह का आयोजन धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मंदिरों में जाकर पूजा करने और उसके बाद इस तरह के आयोजन करने से दोहरा रवैया दिखा रही है।वहीं भाजपा नेता कमलेश श्रीवास्तव ने भी इसे सनातन परंपराओं और श्रद्धालुओं की भावनाओं का अपमान बताया।
आयोजक ने दी सफाई
कार्यक्रम के आयोजक राम मिलन निषाद ने विवाद पर सफाई देते हुए कहा कि हर व्यक्ति को संविधान के अनुसार अपनी पसंद का भोजन करने का अधिकार है।उन्होंने कहा कि संविधान में कहीं नहीं लिखा है कि सावन में मछली नहीं खानी चाहिए और वह संविधान का पालन कर रहे हैं।राम मिलन निषाद हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं और गोसाईगंज विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी भी कर रहे हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मामले से जताई अनभिज्ञता
कांग्रेस जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि उन्हें इस तरह के किसी आयोजन की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि वह अजय राय के साथ कार्यक्रम में गए थे और वापस लौट आए थे।उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हुआ है तो इसकी जिम्मेदारी आयोजक राम निहाल निषाद की होगी।
अजय राय ने BJP पर भी साधा निशाना
अयोध्या दौरे के दौरान अजय राय ने भाजपा सरकार पर हमला भी बोला। उन्होंने देश में अत्याचार और अन्याय होने का आरोप लगाया।उन्होंने राम मंदिर चढ़ावे को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठाए और कहा कि उन्होंने हनुमान जी से प्रार्थना की है कि जो लोग अन्याय कर रहे हैं उन्हें सद्बुद्धि मिले।अब यह मामला उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद बन गया है और आने वाले दिनों में इसके और तूल पकड़ने की संभावना है।