UPSSSC Assistant Accountant Result 2026: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने विज्ञापन संख्या-03-परीक्षा/2024 के तहत आयोजित सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 1828 विज्ञापित पदों के सापेक्ष 1643 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांकों की सूची और श्रेणीवार कटऑफ अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।

पदवार चयन का विवरण
आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय के अंतर्गत 668 पदों के सापेक्ष 570 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इनमें अनारक्षित वर्ग के 387, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 117 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 66 अभ्यर्थी शामिल हैं। योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण अनुसूचित जाति के 88 और अनुसूचित जनजाति के 10 पदों को नियमानुसार आगे (बैकलॉग/अग्रनीत) बढ़ाया गया है।

सहायक लेखाकार (विशेष चयन)
950 विशेष चयन पदों में से 866 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चयनित हुए हैं। इनमें SC श्रेणी के 341, ST श्रेणी के 12 और OBC श्रेणी के 513 अभ्यर्थी शामिल हैं। महिला क्षैतिज आरक्षण के सभी 190 पदों पर पूर्ण चयन हुआ है। 209 पदों के सापेक्ष 206 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इसमें अनारक्षित वर्ग के 96, SC के 28, ST के 4, OBC के 58 और EWS के 20 अभ्यर्थी शामिल हैं। महिला क्षैतिज आरक्षण के सभी 41 पदों पर चयन पूर्ण रहा। नियंत्रणाधीन सहायक लेखाकार के 1 अनारक्षित पद पर भी अभ्यर्थी का चयन कर लिया गया है।

68 अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक
आयोग ने कुल 68 अभ्यर्थियों को औपबंधिक (Provisional) रूप से परिणाम में शामिल किया है। इनका अंतिम चयन आवश्यक दस्तावेजों और प्रमाण पत्रों के सत्यापन के बाद आयोग व संबंधित विभाग के निर्णय पर निर्भर करेगा। इसके अलावा, यह परिणाम माननीय उच्च न्यायालय में विचाराधीन याचिकाओं के आदेशों के अधीन रहेगा। अभ्यर्थी परिणाम और कटऑफ सूची देखने के लिए UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं। 

और पढ़ें: लद्दाख में 5.5 तीव्रता का भूकंप, लेह में सुबह कांपे लोग; जानें बचाव के जरूरी उपाय

Written by Shailesh Yadav