Reservation Hatao Andolan Jantar Mantar: दिल्ली में शुक्रवार को आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर जंतर-मंतर के आसपास लोगों की भीड़ जुटी। प्रदर्शनकारियों ने जातिगत आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग के साथ विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नियमों को लेकर भी नाराजगी जताई। हालांकि, दिल्ली पुलिस के मुताबिक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान में सीमित अनुमति दी गई थी।

सुबह से जुटने लगे प्रदर्शनकारी

आरक्षण हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह से ही प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर के आसपास पहुंचने लगे। दोपहर तक यहां लोगों की संख्या बढ़ गई। कई लोगों के हाथों में आरक्षण और UGC से जुड़े मुद्दों को लेकर पोस्टर और बैनर नजर आए।प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण व्यवस्था को लेकर नारेबाजी की। कुछ पोस्टरों में आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की मांग की गई थी। वहीं, UGC के हालिया नियमों को वापस लेने की मांग भी प्रदर्शन के दौरान उठाई गई।

जंतर-मंतर पर बढ़ी पुलिस की मौजूदगी

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर के निर्धारित प्रदर्शन क्षेत्र की ओर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। पुलिस की मौजूदगी के बीच लोग आसपास के इलाके में अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे।यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब हाल के दिनों में दिल्ली के जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अलग-अलग मुद्दों को लेकर प्रदर्शन हुए हैं।

UGC के नियमों को लेकर भी विरोध

प्रदर्शन में UGC के 2026 के समानता संबंधी नियमों का मुद्दा भी उठाया गया। इन नियमों का उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों में जाति आधारित भेदभाव से जुड़े मामलों को रोकने और शिकायतों के निपटारे के लिए व्यवस्था को मजबूत करना है।प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने इन प्रावधानों को लेकर आपत्ति जताई और आशंका जाहिर की कि इनका गलत इस्तेमाल हो सकता है। प्रदर्शनकारियों ने नियमों में बदलाव या उन्हें वापस लेने की मांग की।

यह भी पढ़ें: ‘भैंसों के तबेले में चल रहा स्कूल’... जायजा लेने पहुंची , CJP के टीम को लोगों ने खदेड़ा; सामने आया वीडियो

पुलिस ने रामलीला मैदान में दी थी सीमित अनुमति

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 'आरक्षण हटाओ आंदोलन' के लिए 21 अगस्त को रामलीला मैदान में शाम 4 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी। इस अनुमति में अधिकतम 500 लोगों के जुटने की शर्त रखी गई थी।पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान किसी तरह के जुलूस या निर्धारित स्थान पर लंबे समय तक धरना देने की अनुमति नहीं थी। आयोजकों और प्रदर्शनकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए थे।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति को लेकर पुलिस का स्पष्टीकरण

प्रदर्शन से एक दिन पहले दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया था कि 21 अगस्त को जंतर-मंतर पर किसी विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऐसे वीडियो और दावों को भ्रामक बताया था, जिनमें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मिलने की बात कही जा रही थी।पुलिस ने यह भी बताया था कि नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा के आदेश लागू हैं।

यह भी पढ़ें: प्रयागराज में बाढ़ का खौफ! देवघाट पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद बैरिकेडिंग, 50 गांवों के लोगों की बढ़ी मुश्किलें