ताइवान के महज 10 वर्षीय Hsu Ting-wei ने अपनी तकनीकी प्रतिभा से कैलिफोर्निया में आयोजित Silicon Valley International Festival (SVIIF) 2026 में खास पहचान बनाई, उन्होंने एक ऐसा AI आधारित सुरक्षा प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जो हवा में मौजूद गंध और रासायनिक संकेतों का विश्लेषण कर संभावित खतरनाक पदार्थों की पहचान करने में मदद कर सकता है। उनके प्रोजेक्ट को प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल मिला। इसके साथ ही International Federation of Inventors' Associations ने उन्हें Best Invention Award से भी सम्मानित किया।

क्या है Hsu Ting-wei का AI आविष्कार?

Hsu ने Novel Artificial Electronic Nose नाम का स्मार्ट सिक्योरिटी स्क्रीनिंग प्लेटफॉर्म विकसित किया है। यह तकनीक किसी वस्तु को सीधे छुए बिना उसके आसपास की हवा का नमूना लेकर उसमें मौजूद रासायनिक संकेतों और गंध से जुड़ी जानकारी का विश्लेषण करती है। इस सिस्टम में रियल-टाइम एयर सैंपलिंग, गैस क्रोमैटोग्राफी-मास स्पेक्ट्रोमेट्री (GC-MS) और AI आधारित odor recognition तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसे एयरपोर्ट की X-ray बैगेज स्क्रीनिंग व्यवस्था के साथ जोड़ा जा सकता है। इसका मकसद मौजूदा सुरक्षा जांच के साथ रासायनिक पहचान की एक अतिरिक्त सुरक्षा परत उपलब्ध कराना है।

गोल्ड मेडल के साथ मिला खास सम्मान

Hsu की उपलब्धि को केवल उनकी कम उम्र के कारण मिली प्रशंसा नहीं माना गया। प्रतियोगिता के जूरी चेयरमैन Amin Ghafooripour के मुताबिक, उनके प्रोजेक्ट का मूल्यांकन उसकी वास्तविक उपयोगिता और तकनीकी क्षमता को ध्यान में रखकर किया गया। Hsu ने बताया कि वह अपनी तकनीक का इस्तेमाल ऐसे पोर्क उत्पादों की पहचान में मदद के लिए करना चाहते हैं, जो African Swine Fever के प्रसार का जोखिम पैदा कर सकते हैं। इसके अलावा, उनकी कल्पना इस सिस्टम को सीमा सुरक्षा में उपयोग करने की भी है, जहां यह अधिकारियों को Fentanyl जैसे खतरनाक पदार्थों की पहचान में सहायता दे सके।

SVIIF में ताइवान के युवा आविष्कारकों का शानदार प्रदर्शन

SVIIF 2026 में 30 से अधिक देशों के आविष्कारकों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सामान्य आविष्कारकों के साथ 7 से 18 वर्ष की उम्र के प्रतिभागियों के लिए अलग Youth Talent Competition भी आयोजित की गई। इस वर्ग में ताइवान के छात्रों के AllerDetect GO प्रोजेक्ट ने पहला स्थान हासिल किया। यह एक स्मार्ट हेल्थ-प्रोटेक्शन सिस्टम है, जिसे बच्चों, बुजुर्गों और एलर्जी से प्रभावित लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसमें एलर्जी के संभावित खतरे का पता लगाने, अलर्ट जारी करने, जानकारी रिकॉर्ड करने और स्मार्ट होम सिस्टम के जरिए प्रतिक्रिया देने जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

ताइवान ने बनाए गोल्ड मेडल का रिकॉर्ड

इस साल SVIIF में ताइवान की ओर से कुल 35 एंट्री पेश की गईं। इनमें से ताइवान के प्रतिभागियों ने 24 गोल्ड, 8 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। 2018 में इस प्रतियोगिता में शामिल होने के बाद यह ताइवान का अब तक का सबसे सफल प्रदर्शन रहा। खास तौर पर 24 गोल्ड मेडल जीतना देश के युवा और अनुभवी आविष्कारकों की मजबूत तकनीकी क्षमता को दर्शाता है।