Pakistan cricket board action: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अपने कई पूर्व खिलाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान समेत कई पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर जाम्बिया की राजधानी लुसाका में आयोजित एशियाई लीजेंड्स टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के कारण मुश्किल में फंस गए हैं। पीसीबी ने इस तरह के अनधिकृत टूर्नामेंट में खेलने वाले खिलाड़ियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की बात कही है।

पीसीबी ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने साफ कर दिया है कि बिना मंजूरी वाली विदेशी लीग में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को नियमों का उल्लंघन करने का दोषी माना जाएगा। ऐसे खिलाड़ियों पर दो साल तक का प्रतिबंध लगाया जा सकता है। पीसीबी के मुताबिक, बैन की अवधि के दौरान संबंधित खिलाड़ी बोर्ड से जुड़ी किसी भी गतिविधि में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इसमें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड या पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में खिलाड़ी के अलावा कोच, सलाहकार, मेंटर या किसी अन्य भूमिका में काम करना भी शामिल है।

कई बड़े नाम टूर्नामेंट में शामिल होने पहुंचे थे

जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान पैंथर्स टीम में कई दिग्गज पूर्व क्रिकेटरों के नाम शामिल थे। इनमें मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, वहाब रियाज, सोहेल तनवीर और उमर अकमल जैसे चर्चित खिलाड़ी शामिल थे। हालांकि, जब उन्हें टूर्नामेंट के आधिकारिक दर्जे को लेकर जानकारी मिली तो इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता से अपना नाम वापस ले लिया।

इन खिलाड़ियों ने खेला मुकाबला

वहीं कुछ पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर टूर्नामेंट में खेलने उतर गए। मोहम्मद इरफान, इमरान नजीर, तौफीक उमर, राहत अली, यासिर शाह, जाहिद महमूद, हसन रजा और इबरार हुसैन ने 31 जुलाई को एक मैच में हिस्सा लिया था। एशियाई लीजेंड्स टूर्नामेंट में इंडियन रॉयल्स, श्रीलंकाई लायंस, बांग्लादेश टाइगर्स, अफगानिस्तान पठान और एशियन स्टार्स जैसी टीमें भी शामिल थीं। इन टीमों में कई देशों के पूर्व क्रिकेटर खेल रहे थे।

पीसीबी ने ही उठाया कदम

इस टूर्नामेंट में नौ अलग-अलग देशों के खिलाड़ी शामिल थे, लेकिन अब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ही ऐसा क्रिकेट बोर्ड है जिसने अपने खिलाड़ियों की भागीदारी को नियमों के खिलाफ बताते हुए आधिकारिक बयान जारी किया है। पीसीबी के रुख से साफ है कि वह अनधिकृत लीग में खेलने वाले खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ा संदेश देना चाहता है और आने वाले दिनों में इस मामले में कार्रवाई की जा सकती है।

Written By: Sushma Pandey