Heart Disease Symptoms in Men: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहत को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। कई बीमारियां ऐसी होती हैं, जो शुरुआत में कोई बड़ा संकेत नहीं देतीं, लेकिन धीरे-धीरे शरीर को अंदर से कमजोर करने लगती हैं। जब तक इनका पता चलता है, तब तक कई बार स्थिति गंभीर हो चुकी होती है। पुरुषों में भी कुछ ऐसी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है, जो लंबे समय तक शरीर को नुकसान पहुंचा सकती हैं और जीवनभर दवाओं पर निर्भर रहने की नौबत ला सकती हैं।
सेहत ही है असली संपत्ति
अक्सर लोग धन-दौलत को जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि मानते हैं, लेकिन अच्छी सेहत के बिना किसी भी सुख का आनंद लेना मुश्किल है। खराब खानपान, कम शारीरिक गतिविधि, तनाव और गलत आदतें धीरे-धीरे शरीर को बीमारियों की तरफ धकेल देती हैं। इसलिए जरूरी है कि समय रहते अपनी दिनचर्या में सुधार किया जाए और उन आदतों को बदला जाए, जो भविष्य में बड़ी परेशानी का कारण बन सकती हैं।
पुरुषों में बढ़ रही हैं ये गंभीर बीमारियां
मोटापा
बढ़ता वजन सिर्फ दिखने की समस्या नहीं है, बल्कि यह कई गंभीर बीमारियों की वजह बन सकता है। मोटापे के कारण दिल की बीमारियों, डायबिटीज और कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। वजन को नियंत्रित रखने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।
हाई कोलेस्ट्रॉल
कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की समस्या को अक्सर खतरनाक इसलिए माना जाता है क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण आसानी से नजर नहीं आते। शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) की मात्रा बढ़ने पर यह नसों में जमा होकर रक्त प्रवाह को प्रभावित कर सकता है। इससे हार्ट अटैक, स्ट्रोक और दिल से जुड़ी अन्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
हाई ब्लड प्रेशर
उच्च रक्तचाप यानी हाइपरटेंशन को कई बार लोग सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। लंबे समय तक ब्लड प्रेशर बढ़ा रहने से दिल, दिमाग और किडनी पर गंभीर असर पड़ सकता है। नियमित जांच के जरिए इस समस्या को समय पर पहचाना जा सकता है।
डायबिटीज
बदलती जीवनशैली के कारण डायबिटीज अब सिर्फ उम्रदराज लोगों तक सीमित नहीं रह गई है। कम उम्र के लोग भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं। शरीर में ब्लड शुगर का स्तर लगातार बढ़ने से कई अंग प्रभावित हो सकते हैं। लंबे समय तक डायबिटीज नियंत्रित न रहने पर किडनी की समस्या, आंखों की परेशानी और पुरुषों में यौन स्वास्थ्य से जुड़ी दिक्कतें भी हो सकती हैं।
कोलन कैंसर
बड़ी आंत का कैंसर पुरुषों के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य खतरा बनता जा रहा है। शुरुआत में इसके संकेत सामान्य लग सकते हैं, जैसे लंबे समय तक कब्ज या दस्त, पेट में दर्द, मल में खून आना, अचानक वजन कम होना या बिना वजह कमजोरी महसूस होना। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है, क्योंकि जल्दी पहचान होने पर इलाज के बेहतर विकल्प मिल सकते हैं।
बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी हैं ये कदम
स्वस्थ रहने के लिए सिर्फ बीमारी आने के बाद इलाज कराना ही काफी नहीं है, बल्कि पहले से सावधानी बरतना जरूरी है। इसके लिए पौष्टिक भोजन, रोजाना शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद, तनाव कम करना और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना मददगार साबित हो सकता है। छोटी-छोटी अच्छी आदतें भविष्य में बड़ी बीमारियों से बचाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
Written By: Sushma Pandey