India-Pakistan Hockey Match 2026: पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने 5 अगस्त को एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी 20 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। हॉकी का यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन और बेल्जियम में आयोजित किया जाएगा। क्वालीफिकेशन हासिल करने के बाद पाकिस्तान की टीम अब दुनिया की शीर्ष हॉकी टीमों के बीच अपना प्रदर्शन दिखाने के लिए तैयार है।
पाकिस्तान की घोषित टीम में अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ-साथ कई युवा चेहरों को भी मौका दिया गया है। टीम का लक्ष्य वर्ल्ड कप में बेहतर प्रदर्शन करते हुए हॉकी के अपने पुराने गौरव को वापस हासिल करना होगा। इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा नजरें भारत और पाकिस्तान के मुकाबले पर होंगी, क्योंकि दोनों पड़ोसी टीमें 19 अगस्त को आमने-सामने होंगी।
अम्माद बट की जगह अबू बकर बने नए कप्तान
पाकिस्तान टीम की घोषणा ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले ही अनुभवी मिडफील्डर अम्माद बट को कप्तानी से हटाया गया था। अम्माद बट लंबे समय तक टीम की कमान संभालने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं और उन्होंने पाकिस्तान हॉकी के लिए अहम योगदान दिया है।
PHF ने 29 जुलाई को जारी बयान में बताया था कि अपनी व्यावसायिक विकास समिति की सलाह के बाद अबू बकर महमूद को पाकिस्तान नेशनल हॉकी टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। हालांकि महासंघ ने अम्माद बट के अनुभव और योगदान की सराहना करते हुए साफ किया कि वह टीम के साथ सीनियर खिलाड़ी के रूप में जुड़े रहेंगे। PHF को उम्मीद है कि अबू बकर की कप्तानी में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का बेहतर तालमेल देखने को मिलेगा और टीम वर्ल्ड कप में मजबूत चुनौती पेश करेगी।
पाकिस्तान की 20 सदस्यीय टीम
एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान टीम में वकार, मुहम्मद अब्दुल्ला, मुहम्मद सुफियान खान, मोइन शकील, अब्दुल वहीद अशरफ राणा, अब्दुल हनान शाहिद, जकारिया हयात, अरशद लियाकत, आदिल लतीफ, अहमद नदीम, गजनफर अली, इमाद शकील बट, मुहम्मद हमादुद्दीन अंजुम, रहमान अब्दुल, अफराज, उमर मुस्तफा, अबू बकर महमूद, अली रजा, अब्दुल मटन और मुहम्मद इमाद को शामिल किया गया है। गोलकीपिंग की जिम्मेदारी वकार और अली रजा संभालेंगे। टीम में युवाओं के साथ कई ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जिनके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव है।
कोचिंग स्टाफ में विदेशी विशेषज्ञ शामिल
पाकिस्तान टीम के मैनेजमेंट में टीम मैनेजर मुहम्मद ओवैस करनी को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं नीदरलैंड्स के बॉब जोहान वेल्डहोफ टीम के हेड कोच होंगे। उनके अलावा ग्रेट ब्रिटेन के क्रिस्टोफर जॉन बोवेन असिस्टेंट कोच की भूमिका निभाएंगे। अदनान जाकिर भी असिस्टेंट कोच के रूप में टीम के साथ रहेंगे, जबकि अशरफ सुल्तान वीडियो टेक्नीशियन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर रहेंगी सबकी नजरें
हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ करेगा। यह मुकाबला एम्स्टेलवीन में खेला जाएगा। इसके बाद पाकिस्तान 17 अगस्त को वेल्स के खिलाफ मैदान में उतरेगा।
ये भी पढ़ें: Gen Z के मुद्दे पर राहुल गांधी ने ऐसा क्यों कहा? छात्रों ने हिंसा.....
19 अगस्त को हॉकी प्रेमियों को भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा। दोनों टीमों को पूल डी में रखा गया है, जिसमें इंग्लैंड और वेल्स भी शामिल हैं। हाल के समय में भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी मुकाबलों को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिला है।
एशियन लीजेंड्स लीग में भी दोनों देशों की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया था, जिससे इस पारंपरिक हॉकी प्रतिद्वंद्विता को फिर से चर्चा मिली। अब वर्ल्ड कप में होने वाली भिड़ंत पर दुनियाभर के हॉकी प्रशंसकों की नजरें टिकी होंगी।
Written By: Geeta Sharma