Pauri Landslide News: पौड़ी गढ़वाल में लगातार बारिश के बीच बीती रात को बड़ा हादसा हो गया। सतपुली तहसील के महरगांव में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण पहाड़ से आया मलबा दो मंजिला मकान पर जा गिरा। मलबे की चपेट में आने से मकान पूरी तरह ढह गया और उसमें दबकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक बच्चा, एक महिला और एक पुरुष की जान गई है।
मलबे में दबा पूरा मकान
बताया गया कि क्षेत्र में लगातार भारी बारिश के बाद पहाड़ी से मलबा खिसककर आबादी वाले इलाके में आ गया। इसी दौरान मलबे की चपेट में दो मंजिला मकान आ गया और देखते ही देखते पूरा भवन मलबे में तब्दील हो गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से तीन शव बरामद किए।
3 किलोमीटर पैदल चलकर घटनास्थल पहुंचीं डीएम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया खुद करीब तीन किलोमीटर का बेहद दुर्गम रास्ता पैदल तय कर घटनास्थल पर पहुंचीं। कई जगह सड़क बंद होने के बावजूद उन्होंने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। डीएम ने कहा कि सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि मृतकों में एक बच्चा, एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। प्रशासन की ओर से पशुहानि का भी आकलन किया जा रहा है।
rn
परिवार को 14 लाख रुपये की तत्काल राहत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रशासन ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सहायता उपलब्ध कराई। भवन क्षति और मृतकों के मुआवजे के तौर पर परिवार को कुल 14 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। डीएम ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है। बंद मार्गों को खोलने के लिए भी काम किया जा रहा है।
बिजली-पानी और संपर्क मार्ग जल्द बहाल करने के निर्देश
भूस्खलन और भारी बारिश से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं भी प्रभावित हुई हैं। जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों, पेयजल आपूर्ति और बंद पड़े संपर्क मार्गों को युद्धस्तर पर बहाल करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और मौसम को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
देहरादून में भी बारिश का दौर जारी
राजधानी देहरादून समेत उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बारिश का पूर्वानुमान है, जिसके चलते प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
और पढ़ें:
दिल्ली जल बोर्ड घोटाला: AAP नेता सत्येंद्र जैन समेत छह गिरफ्तार, टेंडर में गड़बड़ी और रिश्वत के आरोप
Written by Shailesh Yadav