वास्तु शास्त्र में घर में फैमिली फोटो लगाने की दिशा और स्थान को लेकर कई मान्यताएं हैं। कई ज्योतिषाचार्य के अनुसार दक्षिण-पश्चिम दिशा परिवार की सामूहिक तस्वीर के लिए सही मानी जाती है तो वही पूर्व दिशा की और बच्चों की उपलब्धि वाली तस्वीर लगाने की मान्यता है। हालांकि फैमिली फोटो ईशान कोण, मुख्य दरवाजे के ठीक सामने और बाथरूम के आसपास नहीं लगाना चाहिए। हर कोई चाहता है कि उसके घर में सुख-शांति बनी रहे और परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम बना रहे। घर को सुंदर और यादों से भरने के लिए लोग फैमिली फोटो लगाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि वास्तु शास्त्र में इन तस्वीरों को लगाने की दिशा और जगह को लेकर भी कई मान्यताएं हैं। वास्तु के अनुसार, परिवार की तस्वीर सही दिशा और स्थान पर लगाने से घर में सकारात्मक माहौल और आपसी प्रेम बना रहने की मान्यता है।

दक्षिण-पश्चिम दिशा मानी जाती है शुभ
वास्तु शास्त्र में फैमिली फोटो लगाने के लिए दक्षिण-पश्चिम यानी नैऋत्य दिशा को सबसे उपयुक्त माना गया है। इस दिशा को स्थिरता, मजबूती और पृथ्वी तत्व से जोड़कर देखा जाता है।  मान्यता है कि इस दिशा में परिवार की सामूहिक तस्वीर लगाने से परिवार के सदस्यों के रिश्तों में मजबूती आती है और आपसी जुड़ाव बेहतर रहता है. यही वजह है कि घर में फैमिली फोटो लगाने से पहले उसकी दिशा का ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। परिवार की हंसती-मुस्कुराती तस्वीर के लिए लिविंग रूम को भी अच्छा स्थान माना जाता है। ऐसी दीवार पर फोटो लगानी चाहिए, जहां घर के सदस्य उसे आसानी से देख सकें। तस्वीर में परिवार के सभी सदस्य प्रसन्न और सहज नजर आएं, तो वास्तु मान्यताओं के अनुसार यह घर के सकारात्मक वातावरण के लिए बेहतर माना जाता है।

बच्चों की उपलब्धि वाली तस्वीर पूर्व दिशा में लगाएं
ज्योतिषाचार्य बताते हैं कि घर में तस्वीर लगाते समय उसके भाव और स्थान दोनों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार की ऐसी तस्वीर लगानी चाहिए, जिसमें सभी सदस्य खुश दिखाई दे उन्होंने बताया कि यदि बच्चों की कोई तस्वीर मेडल, ट्रॉफी या किसी उपलब्धि के साथ है, तो उसे पूर्व दिशा की दीवार पर लगाना शुभ माना जाता है. पूर्व दिशा को उन्नति और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़कर देखा जाता है।

ईशान कोण और मुख्य दरवाजे के सामने फोटो लगाने से बचें
वहीं, घर के उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण में फैमिली फोटो लगाने से बचने की सलाह दी जाती है। वास्तु मान्यताओं के अनुसार यह घर का पवित्र स्थान होता है और यहां पूजा या आध्यात्मिक गतिविधियों से जुड़ी तस्वीरें रखना अधिक उचित माना जाता है। इसी तरह फैमिली फोटो को मुख्य दरवाजे के ठीक सामने लगाने से भी बचना चाहिए। घर में प्रवेश करते ही तस्वीर सीधे सामने दिखाई न दे, इसके लिए दूसरी दीवार का चुनाव किया जा सकता है।

टूटा फ्रेम या खराब तस्वीर घर में न रखें
उन्होंने कहा कि फोटो के फ्रेम का सही होना भी जरूरी माना जाता है। अगर फ्रेम टूट गया है, शीशा चटक गया है या तस्वीर खराब हो चुकी है, तो उसे घर में लंबे समय तक नहीं रखना चाहिए। वास्तु में टूटी और खराब चीजों को नकारात्मकता से जोड़कर देखा जाता है। इसलिए ऐसी तस्वीर या फ्रेम को तुरंत बदल देना बेहतर माना जाता है।

पूर्वजों की तस्वीरों के लिए अलग स्थान रखें
पूर्वजों की तस्वीरों को लेकर भी वास्तु में अलग मान्यता है। इसलिए पूर्वजों की तस्वीरें जीवित परिवार के सदस्यों की तस्वीरों के साथ एक ही फ्रेम में या अगल-बगल लगाने से बचना चाहिए। इनके लिए अलग स्थान रखना उचित माना जाता है। ऐसी तस्वीरों को दक्षिण दिशा में लगाने की मान्यता है।

Written By: Shivani Gupta