कर्नाटक के मांड्या जिले में मंदिर में दर्शन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि तुमकुरु ग्रामीण सीट से भाजपा विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या ने ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस उपनिरीक्षक के साथ मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज किया है तो वहीं ऐश्वर्या की ओर से भी जवाबी शिकायत दी गई है।
मंदिर में दर्शन को लेकर हुआ विवाद
मामला मांड्या जिले के श्रीरंगपटना तालुक स्थित अराथी उक्कड़ा मंदिर का है। यह घटना 12 अगस्त की शाम भिमा अमावस्या के दौरान हुई, जब मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे और सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। वही पुलिस उपनिरीक्षक सविता बी. पाटिल भी सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थीं। शिकायत के अनुसार, ऐश्वर्या ने गर्भगृह में सीधे प्रवेश की अनुमति मांगी थी। पुलिसकर्मी ने भीड़ के कारण उन्हें कुछ देर इंतजार करने को कहा, जिसके बाद दोनों के बीच बहस होने का आरोप है।
महिला पुलिसकर्मी ने लगाए गंभीर आरोप
महिला पुलिस उपनिरीक्षक की शिकायत के मुताबिक, बहस बढ़ने के बाद ऐश्वर्या ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की, थप्पड़ मारा और सरकारी ड्यूटी करने से रोका। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: बारिश में मेकअप नहीं होगा खराब! इन 7 आसान टिप्स से घंटों रहेगा फ्रेश और लॉन्ग -लास्टिंग
विधायक की बेटी ने भी दी जवाबी शिकायत
मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार ऐश्वर्या ने भी महिला पुलिस अधिकारी के खिलाफ शिकायत दी है और आरोप लगाया है कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। हालांकि दोनों शिकायतों की जांच की जा रही है।
भाजपा विधायक ने मांगी माफी
ऐश्वर्या के पिता और तुमकुरु ग्रामीण सीट से भाजपा विधायक बी. सुरेश गौड़ा ने घटना को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने मामले की जांच की बात भी कही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर घटना की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।
Written By: Shivani Gupta