ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के साबेरी फर्नीचर मार्केट में गुरुवार देर रात सीएनसी वुड-कटिंग की एक दुकान में अचानक आग लग गई। हादसे के वक्त दुकान के अंदर दो युवक मौजूद थे। वही दमकल कर्मियों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन धुएं और दम घुटने की वजह से दोनों की हालत गंभीर थी। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई गई है।

देर रात दुकान में लगी आग
बता दें कि यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र के साबेरी फर्नीचर मार्केट की बताई जा रही है। वही आग लगने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि दुकान के अंदर मौजूद दोनों युवकों को बाहर निकालने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों युवक धुएं के कारण बेहोश हो गए थे।

यह भी पढ़ें: Nashik का Udmal Village: यहां रात में दिखता है Milky Way, भारत का पहला Dark Sky Community बनने की तैयारी

अस्पताल ले जाने पर एक की मौत
गौरवतलब है कि रेस्क्यू के बाद दोनों युवकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक उसकी मौत दम घुटने की वजह से होने की आशंका है। वहीं दूसरे युवक की हालत गंभीर बताई गई है और उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल रेफर किया गया है।

सात दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग की सूचना मिलने के बाद करीब सात दमकल गाड़ियों को मौके की ओर भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक आग पर काबू पा लिया गया है। सुरक्षा को देखते हुए इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई थी, ताकि राहत और बचाव अभियान के दौरान किसी अतिरिक्त खतरे की संभावना न रहे।

आग लगने की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल आग किस वजह से लगी, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना की जांच कर रहे हैं। दुकान में रखा फर्नीचर और सीएनसी वुड-कटिंग से जुड़ा सामान भी आग की चपेट में आने से नुकसान हुआ है।

 

Written By: Shivani Gupta