भारतीय टीम के लिए चार इंटरनेशनल मैच खेल चुके लेग स्पिनर ने इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। खिलाड़ी ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2014 में खेला था, जिसके बाद उनको दोबारा टीम इंडिया से खेलने का मौका नहीं मिला।
बता दें कि, इंडियन प्रीमियर लीग में यह खिलाड़ी चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद जैसी बड़ी टीमों से खेल चुका है। हम खिलाड़ी की बात कर रहे हैं वह लेग स्पिनर कर्ण शर्मा हैं, जिन्होंने 38 साल की उम्र में इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
यूपी टी20 लीग के बीच लिया फैसला
कर्ण शर्मा ने इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट को छोड़ने का फैसला शनिवार रात यूपी टी20 लीग के दौरान लिया था। कर्ण ने कानपुर सुपरस्टार्स और मेरठ मेवरिक्स के बीच खेले गए मुकाबले के बाद अपना फैसला सुनाया।
क्रिकइंफो ने अपनी रिपोर्ट्स में जानकारी दी कि वह 25 अगस्त को आखिरी बार अपनी टीम के लिए खेलने मैदान पर उतरेंगे। इसके बाद वह क्रिकेट के सभी प्रारूपों को अलविदा कह देंगे। बता दें कि, इस खबर के बाद कर्ण शर्मा के फैंस काफी दुखी हैं, क्योंकि वह अपने पसंदीदा खिलाड़ी को कुछ और समय के लिए खेलते देखना चाहते थे।
कोचिंग में आजमाएंगे हाथ
क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, कर्ण शर्मा ने कहा, "अब मैं संन्यास लेना चाहता हूं। मैं अपने परिवार, बीसीसीआई, रेलवे, यूपीसीए, आंध्र प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन, विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन और इस पूरे सफर में मेरा साथ देने वाले सभी लोगों का बहुत आभारी हूं।"
कर्ण शर्मा ने रिटायरमेंट की घोषणा के साथ अपनी भविष्य की रणनीति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "मैं इसके बाद, कोचिंग और क्रिकेट से संबंधित अन्य जिम्मेदारियों के लिए उपलब्ध रहूंगा।"
भारत के लिए नहीं मिले अधिक मौके
कर्ण शर्मा ने साल 2014 में भारत के तीनों प्रारूप में पदार्पण किया था, लेकिन इसके बाद उनको देश के लिए अधिक खेलने का मौका नहीं मिला। कर्ण ने दो वनडे में एक भी विकेट नहीं लिया, तो 1 टेस्ट में उनके नाम 4 विकेट दर्ज है। वहीं, एक टी20 मैच में कर्ण ने एक विकेट झटका है।
हालांकि, घरेलू क्रिकेट में कर्ण शर्मा ने अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया है। उन्होंने 97 फर्स्ट क्लास मैचों में 270 विकेट और 2866 रन बनाए हैं। वहीं, 123 लिस्ट ए मैचों में 153 विकेट और 1827 रन कर्ण शर्मा ने बनाए हैं। जबकि 191 टी20 में कर्ण शर्मा के नाम 168 विकेट दर्ज है।
ये भी पढ़ें- भारत-श्रीलंका मैच में हाई वोल्टेज ड्रामा, श्रीलंकाई खिलाड़ी से भिड़े यशस्वी जायसवाल, धक्का-मुक्की तक पहुंची बात