BMW Crash Viral Story: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक मजेदार किस्सा वायरल हो रहा है, जिसमें ड्राइविंग, रिश्ते और एक छोटी सी बहस का अंत 21 हजार रुपये के नुकसान के साथ हुआ। एक शख्स ने अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड से जुड़ी यह कहानी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की, जिसके बाद यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रियाएं दीं।

पोस्ट के मुताबिक, दोनों की मुलाकात कॉलेज के दिनों में हुई थी। पढ़ाई पूरी होने के बाद लड़की की नौकरी JP Morgan में लग गई। पोस्ट करने वाले शख्स का दावा है कि इसके बाद दोनों के बीच जेंडर रोल्स और महिलाओं की क्षमता को लेकर अक्सर बहस होने लगी।

गाड़ी मैं चलाती हूं...

कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा उस दिन शुरू हुआ जब दोनों कार से कहीं जा रहे थे। रास्ते में काफी ज्यादा ट्रैफिक था। इसी दौरान गर्लफ्रेंड ने ड्राइविंग को लेकर कहा कि वह भी भारी ट्रैफिक में गाड़ी चला सकती है।शख्स के मुताबिक, उसने बहस को आगे बढ़ाने के बजाय कार की चाबी अपनी गर्लफ्रेंड को दे दी। शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन कुछ ही देर बाद कार एक महंगी BMW से जा टकराई।यहीं से ड्राइविंग को लेकर शुरू हुई बहस सीधे जेब पर भारी पड़ गई।

BMW मालिक ने मांगे 21 हजार रुपये

टक्कर के बाद BMW का मालिक मौके पर पहुंचा। दोनों वाहनों को हुए नुकसान को देखते हुए कथित तौर पर उसने 21 हजार रुपये हर्जाने की मांग की।दिलचस्प बात यह रही कि कार उस समय गर्लफ्रेंड चला रही थी, लेकिन नुकसान की भरपाई बॉयफ्रेंड ने अपनी जेब से की। शख्स के मुताबिक, उसने मौके पर ही 21 हजार रुपये देकर मामला शांत किया।यानी जिस बहस की शुरुआत ‘मैं भी गाड़ी चला सकती हूं’ से हुई थी, उसका अंत बॉयफ्रेंड के 21 हजार रुपये खर्च करने पर हुआ।

सालों बाद भी याद रहा 21 हजार का किस्सा

शख्स ने अपनी पोस्ट में बताया कि कुछ समय बाद उसकी एक्स-गर्लफ्रेंड करियर के लिए ऑस्ट्रेलिया चली गई, जबकि वह भारत में रहकर अपना स्टार्टअप चलाने लगा।उसने इस पुराने किस्से को शेयर करते हुए बताया कि घटना को कई साल बीत जाने के बावजूद उसे 21 हजार रुपये का वह नुकसान याद है।

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने लिए मजे

पोस्ट वायरल होने के बाद यूजर्स ने भी इस कहानी को लेकर खूब मजेदार कमेंट किए। किसी ने 21 हजार रुपये को ‘महंगी सीख’ बताया तो किसी ने मजाक में कहा कि बहस में बराबरी की बात करने के बाद बिल आने पर जिम्मेदारी भी बराबर होनी चाहिए थी।हालांकि, यह पूरी कहानी सोशल मीडिया पर शेयर किए गए व्यक्ति के दावे पर आधारित है। घटना की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है। इसलिए इसे सोशल मीडिया पर वायरल एक व्यक्तिगत किस्से के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

Written By: Shivashakti Narayan Singh