देश की राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर अपनी मांग को रखने के लिए आज ऑटो रिक्शा संघ प्रदर्शन करने वाला है. ऑटो यूनियन परिवहन से जुड़े मुद्दे को लेकर वेलफेयर बोर्ड बनाने की मांग कर रहा है. इसी मांग को मनवाने के लिए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा.
पूर्व में ही प्रदर्शन का किया था ऐलान
दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ ने बीते दिन रविवार को कहा कि वह वेलफेयर बोर्ड के गठन की मांग व परिवहन से जुड़े अन्य मुद्दों पर 17 अगस्त को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने का पहले ही ऐलान कर दिया था. जिसमें बताया गया था कि भारतीय मजदूर संघ से जुड़ा दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ सोमवार को जंतर-मंतर पर एकजुट होगा और केंद्र व दिल्ली सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगा.
क्या बोले दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ के महासचिव?
दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ के महासचिव राजेंद्र सोनी का कहना है कि, “मैं सभी ऑटो-टैक्सी चालकों से अपील करता हूं कि वे कल जंतर-मंतर पहुंचें और अपनी मांगें सरकार के सामने रखें. हमारी मांग है कि दिल्ली सरकार तत्काल ‘ऑटो-टैक्सी चालक कल्याण बोर्ड’ का गठन करे और बढ़े हुए वाहन फिटनेस शुल्क को तुरंत वापस ले.” उन्होंने कहा कि इस वेलफेयर बोर्ड के जरिए आर्थिक सुरक्षा भी मिलेगी. ड्राइवरों के लिए बीमा, पेंशन और उचित किराया प्रणाली लागू हो.
मांगाों को किया जाएगा पूरा या लंबा चलेगा आंदोलन?
परिवहन मंत्रालय ने नवंबर 2025 में 20 साल से ज्यादा पुराने सभी मोटर वाहनों के फिटनेस परीक्षण का शुल्क बढ़ा दिया था. ऐसे में सभी ऑटो चालकों की मांग है कि बढ़ाया गया मोटर वाहनों का फिटनेस शुल्क वापस लिया जाए। ऐसे में अब देखना यह होगा कि क्या परिवहन मंत्रालय ऑटो रिक्शा संघ की मांगों को पूरा करता है, या आज शुरू होने वाले इस प्रदर्शन का आवाज एक बड़े आंदोलन का रूप लेगी।
Written By: MADHVI TANWAR