BJP Organization Change: भारतीय जनता पार्टी के संगठन में लंबे समय से चल रही बदलाव की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। खबरों के मुताबिक, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम को लगभग फाइनल कर लिया है और आज इसका आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है।

नितिन नवीन के जनवरी में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से ही नई टीम के गठन का इंतजार किया जा रहा था। अब पार्टी संगठन में नई जिम्मेदारियों को लेकर हलचल तेज हो गई है।

राष्ट्रीय पदों पर हो सकती है बड़ी नियुक्तियां

बीजेपी की नई टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री और कोषाध्यक्ष जैसे अहम पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। पार्टी संविधान के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर कुल 38 पदाधिकारियों में महिलाओं को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व देना जरूरी है।संशोधन के बाद पार्टी में 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग को भी संगठन में प्रतिनिधित्व देने का प्रावधान है।

पार्लियामेंट्री बोर्ड और चुनाव समिति में भी बदलाव संभव

राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा के साथ ही बीजेपी की सबसे अहम निर्णय लेने वाली संस्था पार्लियामेंट्री बोर्ड के पुनर्गठन की भी संभावना है।फिलहाल बोर्ड में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए बदलाव किए जा सकते हैं। इसके अलावा केंद्रीय चुनाव समिति में भी नए चेहरों को शामिल किए जाने की चर्चा है।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी दिखेगा नया समीकरण

नितिन नवीन राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी गठन करेंगे। यह बीजेपी की प्रमुख कार्यकारी संस्था मानी जाती है। इसमें अध्यक्ष के अलावा अधिकतम 120 सदस्य हो सकते हैं।इसमें भी महिलाओं और एससी-एसटी समुदाय के सदस्यों को प्रतिनिधित्व देने का नियम है। पार्टी अध्यक्ष जरूरत के अनुसार विशेष आमंत्रित सदस्यों की नियुक्ति भी कर सकते हैं।

चुनावों को ध्यान में रखकर तैयार हो रही टीम

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, बीजेपी की नई टीम में अनुभव और युवाओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की जा रही है। आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए क्षेत्रीय नेताओं और अलग-अलग सामाजिक समूहों को साधने पर भी फोकस रहेगा।अब सभी की नजर नितिन नवीन की नई टीम पर है, जिससे बीजेपी की आने वाली राजनीतिक रणनीति की दिशा भी साफ हो सकती है।

Written By: Shivashakti Narayan Singh