नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क (कस्टम्स) अधिकारियों ने रविवार को एक यात्री को गिरफ्तार कर उसके पास से 2,759 ग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा (कैनाबिस) बरामद किया।

अधिकारियों के अनुसार, यह यात्री रविवार को एयर इंडिया की उड़ान से फुकेट (थाईलैंड) से दिल्ली पहुंचा था। एडवांस पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम (APIS) के माध्यम से की गई प्रोफाइलिंग के आधार पर कस्टम्स अधिकारियों ने ग्रीन चैनल पार करने के बाद उसे रोका।

सामान की जांच के समय हुआ संदेह

यात्री के सामान की एक्स-रे जांच के दौरान अधिकारियों को संदिग्ध तस्वीरें दिखाई दीं। इसके बाद तलाशी लेने पर चार वैक्यूम-सील पैकेट बरामद हुए, जिनमें हरे रंग का पदार्थ था, जिसे हाइड्रोपोनिक गांजा होने का संदेह है। बरामद पदार्थ का कुल वजन पैकिंग सामग्री सहित 2,759 ग्राम था।

यात्री एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार

दिल्ली कस्टम्स ने सोशल मीडिया प्लेॉफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, "यात्री को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 43(बी) के तहत गिरफ्तार किया गया है। गांजा/मारिजुआना होने के संदेह वाले हरे रंग के पदार्थ के साथ उसे छिपाने में इस्तेमाल की गई सामग्री और पैकेजिंग को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 43(ए) के तहत जब्त किया गया है।" मामले की आगे की जांच जारी है।

डीआरआई ने चलाया अभियान

एक अन्य मामले में वित्त मंत्रालय ने बताया कि राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सप्ताह के दौरान देशभर में खुफिया जानकारी के आधार पर कई अभियान चलाए। इन अभियानों में विदेशी सोना, हेरोइन, एमडीएमए, हाइड्रोपोनिक गांजा, लाल चंदन, प्रतिबंधित वन्यजीव उत्पाद, ई-सिगरेट, विदेशी मूल के पोस्ता (खसखस) के बीज और सुपारी सहित कई तस्करी के सामान जब्त किए गए।

5 विदेशी नागरिकों सहित कुल 20 गिरफ्तार

इन कार्रवाइयों के दौरान 5 विदेशी नागरिकों सहित कुल 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जांच में संगठित आपराधिक गिरोहों द्वारा तस्करी के लिए अपनाए जा रहे अत्याधुनिक छिपाने के तरीकों का भी खुलासा हुआ।

29 जुलाई 2026 को आईजीआई एयरपोर्ट, नई दिल्ली पर डीआरआई अधिकारियों ने दुबई से आए दो विदेशी नागरिकों को रोका। उनके ट्रॉली बैग की जांच में स्टील शीट और डबल-साइडेड चिपकने वाली टेप से बनाई गई एक गुप्त तह (सीक्रेट कैविटी) मिली।

यह भी पढ़ें: 'अब BJP जाएगी,फिर कभी न आएगी...', अखिलेश का योगी सरकार पर कटाक्ष

इस गुप्त स्थान से 4 किलोग्राम वजन की विदेशी मूल की 40 सोने की ईंटें (गोल्ड बार) बरामद हुईं। सोना जब्त कर लिया गया और दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

Written By: Pradeep Singh