Global Super League 2026: ग्लोबल सुपर लीग (GSL) 2026 के फाइनल मुकाबले में गयाना अमेजन वारियर्स ने ऐसा कारनामा कर दिखाया। जिसे टी20 क्रिकेट के इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा। पहले बल्लेबाजी करते हुए गयाना की पूरी टीम मात्र 85 रनों पर ऑलआउट हो गई। ऐसा लग रहा था कि सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स इस छोटे लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेगी।

गयाना के गेंदबाजों ने की शानदार वापसी

लेकिन गयाना के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए विरोधी टीम को सिर्फ 79 रनों पर समेट दिया और 6 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ गयाना अमेजन वारियर्स ने लगातार दूसरी बार GSL का खिताब अपने नाम कर लिया। इसके अलावा, टी20 क्रिकेट के किसी भी फाइनल में डिफेंड किया गया यह अब तक का सबसे छोटा स्कोर बन गया।

गयाना की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप, लेकिन निचले क्रम ने संभाली पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गयाना अमेजन वारियर्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। पीटर सिडल की घातक गेंदबाजी के सामने टीम ने सिर्फ 25 रन तक अपने पांच विकेट गंवा दिए। हालात इतने खराब हो गए कि 29 रन के स्कोर पर आठ बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। ऐसा लग रहा था कि टीम 50 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी।

ड्वेन प्रिटोरियस और मैथ्यू फोर्ड ने संभाली जिम्मेदारी

हालांकि, ड्वेन प्रिटोरियस और मैथ्यू फोर्ड ने जिम्मेदारी संभालते हुए नौवें विकेट के लिए 41 रनों की अहम साझेदारी की। इसी संघर्षपूर्ण साझेदारी की बदौलत गयाना की टीम 85 रन तक पहुंचने में सफल रही। सैन फ्रांसिस्को की ओर से अनिरुद्ध इमैनुएल ने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि पीटर सिडल ने 18 रन देकर 3 सफलताएं हासिल कीं।

छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए सैन फ्रांसिस्को भी दबाव में बिखरा

86 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की शुरुआत भी बेहद खराब रही। ड्वेन प्रिटोरियस और गुडाकेश मोती ने नई गेंद से शानदार गेंदबाजी करते हुए शुरुआती तीन ओवरों में ही टीम के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया।

ओलिवर पीक ने 28 गेंदों में 31 रन बनाकर पारी को संभाला

इसके बाद ओलिवर पीक ने 28 गेंदों में 31 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की और टीम को जीत के करीब ले गए। लेकिन अनुभवी स्पिनरों मोहम्मद नबी और 47 वर्षीय कप्तान इमरान ताहिर ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों गेंदबाजों ने दो-दो विकेट लेकर सैन फ्रांसिस्को की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।

हेटमायर के शानदार रनआउट ने दिलाई ऐतिहासिक जीत

मुकाबले के अंतिम क्षणों में सैन फ्रांसिस्को को जीत के लिए 10 गेंदों में सिर्फ 7 रनों की जरूरत थी और उसके नौ विकेट गिर चुके थे। ऐसे में कॉलमा स्टोव ने मैथ्यू फोर्ड की गेंद पर मिड-ऑफ की ओर शॉट खेलकर तेज रन लेने की कोशिश की। लेकिन वहां मौजूद शिमरन हेटमायर ने शानदार फुर्ती दिखाते हुए सीधा थ्रो किया और बल्लेबाज को रनआउट कर दिया।

ये भी पढ़ें: दक्षिण भारत में तबाही! केरल बाढ़ और कर्नाटक लैंडस्लाइड से मौतों का आंकड़ा बढ़ा

इस रनआउट के साथ ही सैन फ्रांसिस्को की पूरी टीम 79 रन पर ऑलआउट हो गई और गयाना अमेजन वारियर्स ने 6 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए पिछले तीन सीजन में अपना दूसरा GSL खिताब जीत लिया। दोनों टीमों ने मिलाकर मैच में कुल 164 रन बनाए, जो किसी भी टी20 फ्रेंचाइजी लीग के फाइनल का सबसे कम संयुक्त स्कोर भी बन गया।

Written By: Geeta Sharma