Virat Kohli: 19 अगस्त, बुधवार से लीड्स में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला शुरू हो रहा है। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से यह सीरीज काफी अहम होने वाली है, क्योंकि अंक तालिका में दोनों ही टीमों की स्थिति ठीक नहीं है। ऐसे में दोनों ही टीमें अपना शत-प्रतिशत देने के लिए लीड्स के मैदान पर उतरेंगी। हालांकि, टेस्ट शुरू होने से पहले इंग्लिश टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अपने टेस्ट डेब्यू के पीछे विराट कोहली का अहम रोल बताया है और ये भी बताया कि डेब्यू में पाकिस्तान के खिलाफ कैसे खेलना है।

जॉर्डन कॉक्स को मिला मौका

पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में विकेटकीपर बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स को जैकब बेथेल के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया है। बेथेल घुटने की चोट की वजह से श्रृंखला से बाहर हो गए हैं, जिसके बाद चयनसमिति ने जॉर्डन कॉक्स पर भरोसा जताया है। 25 साल के इस खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन से सभी को काफी प्रभावित किया था और यही वजह रही कि चयनकर्ताओं ने उनको पाकिस्तान के खिलाफ स्क्वाड में बतौर रिप्लेसमेंट शामिल किया है। कॉक्स ने यह जानकारी भी दी कि वह शुरुआती दो मैचों में नंबर तीन पर खेलते नजर आएंगे।

विराट कोहली की सलाह आएगी काम!

पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में जॉर्डन कॉक्स विराट कोहली की स्पेशल सलाह के साथ मैदान पर उतरेंगे। बीबीसी के मुताबिक, कॉक्स ने बताया कि विराट कोहली ने उनके टेस्ट डेब्यू की तैयारी में काफी मदद की। उन्होंने कहा कि वह सभी बातें तो शेयर नहीं करना चाहते, लेकिन वह बस उनसे कुछ सवाल पूछना चाहते थे। विराट कह रहे थे इस पल का आनंद लो। आपको सिर्फ एक ही बार डेब्यू करने का मौका मिलता है। बस इसका आनंद लें और मजे करें। यानी विराट ने कॉक्स को यह संदेश दिया था कि जब वह अपना डेब्यू करें तो इनका मजा उठाएं, क्योंकि खिलाड़ियों को सिर्फ एक बार डेब्यू करने का मौका मिलता है और इसकी फीलिंग काफी खास होती है।

कोहली को मैसेज कर सकता हूं- कॉक्स

इंग्लैंड के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दल का हिस्सा रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई महीने विराट कोहली के साथ बिताए और इस बीच दोनों की बॉन्डिंग भी काफी अच्छी हो हई।  कॉक्स ने कहा कि यह एक ऐसी याद है जो कि हमेशा उनके साथ रहेगी। विराट एक ऐसे व्यक्ति हैं, जिनको आप अपना आर्दश मान सकते हैं।

कॉक्स ने यह भी बताया कि जब उनका मन कभी उदास होता है या फिर उनको मदद की जरूरत होती है तो वह विराट को मैसेज कर सकते हैं। वह हमेशा फोन पर उपलब्ध रहते हैं। बता दें कि, आईपीएल 2026 में कॉक्स को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था, लेकिन भविष्य में वह आरसीबी के दल का अहम हिस्सा बन सकते हैं।

ये भी पढ़ें- पूर्व खिलाड़ी ने भारतीय टीम को दिया गॉल टेस्ट जीतने का अचूक मंत्र, कप्तान-कोच को करना होगा सिर्फ एक काम

Written By Aman Sharma