US-Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर बयानबाजी शुरू हो चुकी है। एक खबर तेजी से फैल रही है, कि अमेरिका ईरान पर मदर ऑफ ऑल बॉम्ब गिराने की धमकी दे रहा है। बता दें कि यह बॉम्ब बेहद खतरनाक और विनाशकारी है। इसी बीच अब ईरान ने अमेरिका की धमकी का जवाब दिया है। ईरान ने कहा है कि अगर यूएस ऐसी कोई भी हरकत करता है तो वह भी फादर ऑफ ऑल मिसाइल्स से हमला करेगा। यानि यह तो साफ है कि ईरान अमेरिका की धमकियों से झुकने वाला नहीं है।

अमेरिका ने ईरान को दी खुली चेतावनी

एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति से जुड़े नेता की तरफ से चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने 'मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स' का इस्तेमाल किया, तो ईरान 'फादर ऑफ ऑल मिसाइल्स' से जवाब दे सकता है।

ईरान की इस चेतावनी का मकसद अमेरिका को संभावित हमले के गंभीर परिणामों से आगाह करना है। इससे पहले भी ईरान कई बार अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना चुका है, जिससे ट्रंप और उनकी सरकार को काफी ज्यादा नुकसान हुआ है।

क्या ईरान की मिसाइलें मिडिल ईस्ट को तबाह कर सकती हैं?

ईरान की जवाबी कार्रवाई की चेतावनी ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। यदि अमेरिका और ईरान के बीच बड़े पैमाने पर हमले शुरू होते हैं, तो संघर्ष का असर केवल दोनों देशों तक सीमित रहने के बजाय उन क्षेत्रीय ठिकानों और देशों तक फैल सकता है जो इस टकराव में शामिल हैं या जहां अमेरिकी सैन्य मौजूदगी है। माना जा रहा है कि युद्ध के दौरान ईरान मिडिल ईस्ट के कई देशों को निशाना बना सकता है, जहां पर अमेरिकी सेना है।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर भी दुनिया की नजर

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का एक बड़ा पहलू स्ट्रेट ऑफ होर्मुज है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यदि सैन्य संघर्ष के कारण यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित होती है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और परिवहन लागत पर दबाव बढ़ सकता है। ईरान लगातार यहां से गुजर रहे जहाजों को निशाना बना रहा है।