Prince Harry Latest News: ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III ने प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन, ड्यूक और डचेस ऑफ ससेक्स, की शाही स्थिति को लेकर एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों आगे भी 'नॉन-वर्किंग रॉयल्स' बने रहेंगे और ब्रिटेन लौटने के बावजूद क्राउन की ओर से किसी आधिकारिक शाही भूमिका में काम नहीं करेंगे।
लॉर्ड चेम्बरलेन ने भेजा पत्र
सोमवार को किंग चार्ल्स की ओर से भेजे गए एक पत्र में ब्रिटेन के लॉर्ड चेम्बरलेन ने कहा कि यह पहले से स्पष्ट है कि जनवरी 2020 में ड्यूक और डचेस ऑफ ससेक्स ने सॉवरेन के प्रतिनिधि के तौर पर शाही जिम्मेदारियों से पीछे हटने का फैसला किया था। इसके बाद से वे शाही परिवार के कामकाजी सदस्य नहीं हैं।
पत्र में कहा गया कि इस व्यवस्था का पूरा सम्मान किया जाएगा और हैरी तथा मेगन की मौजूदा स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यह पत्र ब्रिटिश सरकार और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ प्रिंस हैरी की टीम को भी भेजे जाने की बात सामने आई है।
बार-बार मांगे जा रहे थे स्पष्टीकरण
एक रिपोर्ट के मुताबिक, शाही परिवार के नए कार्यक्रमों का दौर शुरू होने से पहले दोनों की स्थिति को लेकर कई बार स्पष्टीकरण मांगा गया था। इसी वजह से किंग की ओर से यह संदेश दोबारा स्पष्ट किया गया कि हैरी और मेगन को आधिकारिक शाही प्रतिनिधि के तौर पर नहीं देखा जाएगा।
2020 में छोड़ी थी शाही भूमिका
प्रिंस हैरी और मेगन ने 2020 में शाही जिम्मेदारियों से हटने के बाद ब्रिटेन छोड़ दिया था और उत्तरी अमेरिका चले गए थे। इसके बाद शाही परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उनके रिश्तों में तनाव सार्वजनिक रूप से सामने आता रहा है। हालांकि, हाल ही में यह जोड़ा अपने दोनों बच्चों, प्रिंस आर्ची और प्रिंसेस लिलिबेट, के साथ ब्रिटेन लौटा। एक रिपोर्ट्स में बच्चों की ब्रिटिश स्कूलों में पढ़ाई शुरू होने की बात भी कही गई है।
चैरिटी गतिविधियां निजी रहेंगी
पत्र में हैरी और मेगन की चैरिटी गतिविधियों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई। इसमें कहा गया कि वे जो भी चैरिटी कार्य करते हैं, वह उनका निजी मामला है और वे यह काम अपनी व्यक्तिगत हैसियत से करते हैं।
ये भी पढ़ें: BRICS Summit 2026: शुक्रवार को PM मोदी और पुतिन की होगी मुलाकात, Su-57 विमानों पर होगा बड़ा फैसला
एक रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा स्थिति में दोनों को कमर्शियल और चैरिटी गतिविधियों से जुड़े निजी नागरिकों के रूप में देखा जाएगा। उनके प्रशासनिक मामलों को उनके अलग कार्यालय के माध्यम से संभाला जाएगा, जो शाही परिवार से स्वतंत्र रूप से काम करता रहेगा।