BRICS Summit 2026: रूसी राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने मंगलवार को पुष्टि की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 11 सितंबर को नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। यह मुलाकात 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले होगी। सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा।
शुक्रवार को होगी अहम मुलाकात
मॉस्को से वर्चुअल ब्रीफिंग के दौरान पत्रकारों से बातचीत में पेस्कोव ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच एक और द्विपक्षीय बैठक तय हो चुकी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को होने वाली बातचीत में दोनों नेता सबसे पहले द्विपक्षीय एजेंडे पर चर्चा करेंगे।
यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब भारत और रूस के बीच रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और रणनीतिक सहयोग लगातार महत्वपूर्ण बने हुए हैं। दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संपर्कों को देखते हुए बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
Su-57 विमान की बिक्री पर भी चर्चा
पेस्कोव के मुताबिक, बातचीत के एजेंडे में व्यापार और आर्थिक सहयोग के अलावा भारत को रूस के Su-57 लड़ाकू विमान की बिक्री भी शामिल है। हालांकि, भारत सरकार ने अभी तक पेस्कोव के इस बयान पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। Su-57 को रूस के सबसे उन्नत लड़ाकू विमानों में गिना जाता है। ऐसे में इसकी संभावित बिक्री पर बातचीत भारत-रूस रक्षा संबंधों के लिहाज से खास महत्व रखती है।
अमेरिकी टैरिफ प्रस्ताव पर रूस की आपत्ति
रूस ने रूसी कच्चा तेल खरीदने वाले देशों पर अमेरिका द्वारा प्रस्तावित 100 प्रतिशत टैरिफ की भी आलोचना की है। पेस्कोव ने इस संभावित कार्रवाई को "गैर-कानूनी और अस्वीकार्य" बताया। भारत की ऊर्जा जरूरतों और रूस से उसके तेल आयात को देखते हुए यह मुद्दा भी द्विपक्षीय चर्चा में अहम हो सकता है।
भारत में जुटेंगे ब्रिक्स देश
भारत इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। 18वां शिखर सम्मेलन नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा, जिसमें सदस्य देशों के नेता, आमंत्रित प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे। ब्रिक्स के 11 पूर्ण सदस्य हैं—ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और इंडोनेशिया। इसके अलावा बेलारूस, बोलीविया, क्यूबा, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम सहयोगी देशों के रूप में व्यापक ब्रिक्स ढांचे का हिस्सा हैं।
ये भी पढ़ें: बिहार CM का बड़ा बयान: "जनता की समस्याओं का समाधान करना हमारा कर्तव्य"
शी जिनपिंग की संभावित भारत यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी सम्मेलन की मेजबानी करेंगे और पुतिन की मौजूदगी की पुष्टि हो चुकी है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भी शिखर सम्मेलन में शामिल होने की उम्मीद है। यदि शी जिनपिंग नई दिल्ली पहुंचते हैं, तो 2019 में मल्लापुरम में मोदी के साथ हुई अनौपचारिक मुलाकात के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी। इससे ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान भारत-चीन संबंधों पर भी विशेष नजर रहेगी।