Akasa Air: अगर आप भी सऊदी जाने की सोच रहे है तो यह खबर आपके काम की हो सकती है। विमान कंपनियों द्वारा लगातार रियाद और जेद्दा आने-जाने वाली सभी उड़ानों को निलंबित किया जा रहा है। हूती विद्रोहियों की तरफ से रियाद एयरपोर्ट को निशाना बनाने के बाद ही विमान कंपनियों ने यह फैसला लिया था। ताजा अपडेट के मुताबिक अकासा एयर ने अपनी सभी फ्लाइटों को निलंबित कर दिया है।

अकासा एयर ने जारी की एडवाइजरी

विमान कंपनी अकासा एयर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, "मध्य पूर्व में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए, अकासा एयर ने रियाद और जेद्दा आने-जाने वाली सभी उड़ानों के निलंबन को 27 अक्टूबर, 2026 (इस दिन सहित) तक बढ़ा दिया है। यह निर्णय स्थिति का सावधानीपूर्वक आकलन करने के बाद लिया गया है, जिसमें सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम लगातार स्थिति पर नज़र रख रहे हैं और समय-समय पर हालात का आकलन कर रहे हैं। उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्री पूरे रिफंड का विकल्प चुन सकते हैं, जो सात दिनों के भीतर मूल भुगतान स्रोत (original source of payment) में वापस आ जाएगा।

इसके अलावा, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा को रीशेड्यूल (पुनर्निर्धारित) भी कर सकते हैं। जिन यात्रियों ने ट्रैवल पार्टनर्स के ज़रिए बुकिंग की है, उनसे अनुरोध है कि वे सहायता के लिए सीधे उनसे संपर्क करें। हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है"।

भारतीय दूतावास ने जारी की थी एडवाइजरी

सऊदी अरब में जारी हमले को लेकर भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है, साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी दिया गया है, ताकि फंसे हुए यात्री अपने घर पहुंच सके। इसके अलावा हमले के दौरान लगातार भारतीयों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी जा रही है। बता दें कि हूती विद्रोहियों की तरफ से सऊदी के अलग-अलग ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में हमले और बढ़ सकते है, जिसे देखते हुए लगातार विमान कंपनियां सतर्कता बरत रही है।