UP Politics 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी ने मुस्लिम युवाओं को नेतृत्व देने का मुद्दा उठाकर सियासी हलचल तेज कर दी है। रामपुर में रविवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए AIMIM प्रमुख ने कहा कि मुस्लिम समुदाय में प्रतिभा और नेतृत्व की क्षमता है, लेकिन उसे आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त मंच नहीं मिलता। उन्होंने साफ कहा कि अब मुस्लिम युवा दूसरों के नेतृत्व के पीछे चलने के बजाय खुद नेतृत्व की भूमिका में आगे आएंगे।

अब नेहरू, गांधी या यादव हमारे नेता नहीं होंगे
रामपुर की जनसभा में ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी युवाओं को आगे लाने और वंचित समुदायों को न्याय दिलाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम लड़के-लड़कियों में भी दूसरे समुदायों की तरह नेतृत्व करने की पूरी क्षमता है, लेकिन उन्हें अवसर नहीं दिए जाते।

ओवैसी ने कहा कि हम किसी नेहरू, गांधी या यादव को अपना नेता नहीं बनाएंगे। ये युवा बेटे-बेटियां हमारे आगे खड़े होंगे।” उन्होंने AIMIM को ऐसा मंच बताया, जहां युवा राजनीति में आगे आकर नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

 
 
 
View this post on Instagram
 
 
 

A post shared by Tnp News (@tnpnewsnetwork)

अखिलेश यादव पर साधा निशाना, पूछा-आजमगढ़ को क्या मिला?
ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम मतदाता कई पीढ़ियों से सपा का समर्थन करते आए हैं, लेकिन समुदाय को उसका अपेक्षित राजनीतिक लाभ नहीं मिला। आजमगढ़ का उदाहरण देते हुए AIMIM प्रमुख ने सवाल उठाया कि वहां शिब्ली कॉलेज को विश्वविद्यालय का दर्जा क्यों नहीं मिला और क्षेत्र में शिक्षा से जुड़ी दूसरी बड़ी सुविधाएं क्यों नहीं विकसित की गईं। उन्होंने सैफई में मेडिकल कॉलेज और खेल विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए सपा के नेतृत्व से पूछा कि आजमगढ़ को क्या मिला।

ये सवाल उठाते हुए ओवैसी ने मुस्लिम मतदाताओं से अपने राजनीतिक समर्थन के बदले मिले प्रतिनिधित्व और विकास का हिसाब मांगने की बात कही।

अब वोट बैंक नहीं, अपना हिस्सा मांगेंगे मुस्लिम
ओवैसी ने कहा कि मुस्लिम समुदाय को केवल वोट बैंक बनकर नहीं रहना चाहिए। उनके मुताबिक, अब समुदाय के भीतर ऐसी सोच विकसित हो रही है, जिसमें दूसरे नेताओं को जिताने के बजाय खुद राजनीतिक नेतृत्व हासिल करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम युवा नेताओं के लिए नारे लगाने या उनके पीछे चलने तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि राजनीति में अपना हिस्सा और नेतृत्व में भागीदारी चाहते हैं। ओवैसी ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी इस बदलाव को समझ नहीं पा रही है।

2027 में सपा के मुस्लिम वोट बैंक को चुनौती?
ओवैसी के इन बयानों को यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मुस्लिम मतदाताओं के बीच AIMIM की राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा सकता है। उनकी रणनीति सपा के पारंपरिक मुस्लिम समर्थन पर सवाल उठाने और युवाओं को स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व का विकल्प देने पर केंद्रित नजर आती है। हालांकि, इसका चुनावी असर कितना होगा, यह मुस्लिम मतदाताओं की प्रतिक्रिया, स्थानीय राजनीतिक समीकरणों और AIMIM के संगठनात्मक प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। फिलहाल ओवैसी के बयान ने यूपी की राजनीति में मुस्लिम प्रतिनिधित्व और वोट बैंक की भूमिका को लेकर बहस तेज कर दी है।

और पढ़ें: 

मायावती ने आकाश आनंद को फिर क्यों बनाया बसपा का चेहरा? चंद्रशेखर आजाद की बढ़ती पकड़ और 2027 चुनाव की तैयारी से क्या है कनेक्शन?