गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के मौके पर अयोध्या और राम मंदिर को लेकर कथित दुष्प्रचार के मुद्दे पर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। गोरखपुर के रामलीला मैदान में दशहरा समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने पौराणिक पात्र कालनेमि का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कालनेमि भी राम का नाम जपता था। मुख्यमंत्री ने लोगों से राजनीतिक छल को पहचानने और सही-गलत में अंतर करने की अपील की।
'रामभक्तों पर अत्याचार करने वाले आज राम-राम जप रहे'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम जन्मभूमि आंदोलन का जिक्र करते हुए विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रामभक्तों पर अत्याचार करने वाले लोग आज राम-राम जप रहे हैं। योगी ने कहा, "राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान रामभक्तों पर अत्याचार की पराकाष्ठा करने वाले क्या आज राम-राम जप रहे हैं? कालनेमि भी राम का नाम जपता था।"
उन्होंने लोगों से भगवान हनुमान से प्रेरणा लेने और राजनीतिक मंशा को समझने की अपील की। मुख्यमंत्री के इस बयान को विपक्ष पर उनके तीखे राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है।
अयोध्या और राम मंदिर पर दुष्प्रचार का लगाया आरोप
सीएम योगी ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक पहचान के पुनरुत्थान और अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण जैसी उपलब्धियों को कुछ लोग स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने अयोध्या में भव्य दीपोत्सव और राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इन उपलब्धियों को लेकर दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार किया जा रहा है।
योगी ने कहा कि जो लोग देश को कमजोर करना चाहते हैं, उन्हें भारत की सांस्कृतिक उपलब्धियां बर्दाश्त नहीं हो रही हैं। उन्होंने अयोध्या की रामलीला तक नहीं देखने वाले लोगों पर भी अयोध्या को लेकर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया।
विजयादशमी पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा
इससे पहले विजयादशमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। महंत की पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर पहुंचे योगी ने विजय जुलूस का नेतृत्व किया। उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित देवी-देवताओं की विधिवत पूजा की और सभी के सुख, शांति, समृद्धि तथा अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी पूजा की तस्वीरें साझा करते हुए विजयादशमी को सत्य की असत्य पर और धर्म की अधर्म पर विजय का पर्व बताया। उन्होंने गुरु गोरखनाथ जी का आशीर्वाद लेकर सभी के कल्याण की प्रार्थना की।
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है दशहरा
विजयादशमी को दशहरा भी कहा जाता है। यह पर्व देशभर में बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर रामलीला, रावण दहन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
यह भी पढ़ें: दशहरा समारोह में मोदी का संदेश, चुनौतियों से निपटने के लिए अपनी ताकत पर भरोसा करें