Saurabh Bhardwaj on Delhi Building Collabs: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन, आरके पुरम में बिल्डिंग गिरने की घटना के बाद AAP की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शहरी विकास मंत्री आशीष सूद की मौके पर गैरमौजूदगी को लेकर सवाल उठाए हैं। भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से अपील की कि यदि मंत्री गोवा में हैं, तो उन्हें तत्काल दिल्ली वापस बुलाया जाए।

भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर मुख्यमंत्री को टैग करते हुए पूछा कि क्या आशीष सूद घटना के बाद गोवा गए थे। उन्होंने कहा कि मंत्री ने दोपहर करीब 3 बजे घटना को लेकर एक पोस्ट किया, लेकिन उसके बाद वह घटनास्थल पर नजर नहीं आए। भारद्वाज ने गोवा में उनकी मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए।

मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी दी

इस बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार सत्य निकेतन में चल रहे राहत और बचाव अभियान पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं और प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

ये भी पढ़ें: Obesity Can ShortenYour Life: मोटापे से कम हो सकती है उम्र? एक्सपर्ट ने बताए कंट्रोल करने के आसान उपाय

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार MCD के साथ मिलकर एक नई सुरक्षा नीति तैयार कर रही है। इसके तहत PG, नर्सिंग होम, स्कूल और अन्य सार्वजनिक उपयोग वाली इमारतों का समय-समय पर स्ट्रक्चरल ऑडिट और सेफ्टी सर्टिफिकेशन अनिवार्य किया जाएगा। नियमों का पालन नहीं करने वाली इमारतों में सार्वजनिक गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी।

हादसे में छह लोगों की मौत

सत्य निकेतन में रविवार को एक इमारत ढहने के बाद दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विसेज, NDRF और स्थानीय प्रशासन ने बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। देर रात मलबे से एक और शव मिलने के बाद हादसे में मृतकों की संख्या छह हो गई। अब तक 12 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।

अवैध इमारतों पर कार्रवाई के निर्देश

दिल्ली सरकार ने राजधानी में अवैध रूप से बनी पांच मंजिला इमारतों को तत्काल सील करने के निर्देश दिए हैं। CMO के अनुसार, बिल्डिंग मालिक हरिराम के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। साथ ही, जांच में यदि किसी MCD अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली पुलिस ने आरोपी मालिक के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया है।