Delhi Bus Rape Case: दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से नोएडा के सेक्टर-63 स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रही थी। मामले में दिल्ली पुलिस ने बस चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज की मदद से बस को ट्रेस करने के बाद दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया गया।

उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (DCP) निहारिका भट्ट के अनुसार, किशोरी ने 4 अगस्त की रात कश्मीरी गेट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह मैनपुरी से नोएडा जा रही थी। रास्ते में भारी बारिश के कारण वह मदद की उम्मीद में बस में सवार हुई थी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि कथित घटना ग्रेटर नोएडा के परी चौक और नोएडा सेक्टर-63 के बीच रास्ते में हुई। शिकायत के अनुसार, घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर किशोरी को वास्तविक घटनास्थल से दूर कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर छोड़कर चले गए।

CCTV से बस तक पहुंची पुलिस
DCP ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कश्मीरी गेट पुलिस ने क्षेत्राधिकार को लेकर समय गंवाए बिना तत्काल कार्रवाई की। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और मामला दर्ज किया गया। इसके बाद CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने बस की पहचान की और दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। किशोरी को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। समिति के निर्देश पर उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है।

आतिशी ने BJP सरकार पर साधा निशाना
इस घटना को लेकर दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने BJP सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध रोकने में विफल रही है। आतिशी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस, दिल्ली पुलिस, दोनों राज्यों की सरकारें, उपराज्यपाल, केंद्रीय गृह मंत्रालय और प्रधानमंत्री सभी BJP के नियंत्रण में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकती है, लेकिन महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध रोकने में उतनी प्रभावी नहीं है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। 

 

और पढ़ें: 'UP STF का मतलब स्वजातीय टॉर्चर फोर्स...' अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा हमला; फर्जी एनकाउंटर और जातिगत भेदभाव के लगाए आरोप