लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस व्यवस्था को लेकर सोमवार को तीखा हमला बोला। लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने यूपी एसटीएफ (STF) को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की STF का मतलब 'स्वजातीय टॉर्चर फोर्स' है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) समाज के लोगों के साथ लगातार अन्याय और उत्पीड़न हो रहा है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर भी जाति देखकर किए गए हैं और भविष्य में सरकार बदलने पर इन सभी मामलों की जांच कराई जाएगी।
'बदायूं में दलित युवक की पुलिस स्टेशन में हत्या हुई'
सपा प्रमुख ने बदायूं में एक दलित युवक की हिरासत में मौत के मामले का जिक्र करते हुए पुलिस के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बता रही है, जबकि CCTV फुटेज से पुलिस का बयान मेल नहीं खाता। अखिलेश ने आरोप लगाया कि बदायूं में 22 पुलिस थानों में से 10 थानों के प्रभारी मुख्यमंत्री की जाति से जुड़े हैं। उन्होंने इसे लेकर पुलिस व्यवस्था में जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया।
वाराणसी की घटना का भी किया जिक्र
अखिलेश यादव ने वाराणसी में रामजनम नाम के एक दलित व्यक्ति की मौत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की जाति से जुड़े लोगों ने दलित व्यक्ति के साथ मारपीट की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। सपा अध्यक्ष ने कहा, 'फर्जी एनकाउंटर के मामलों में भी जाति के आधार पर कार्रवाई हुई है। जब भविष्य में सरकार बदलेगी तो इन सभी मामलों की जांच कराई जाएगी। पुलिस विभाग के भीतर भी PDA समाज के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है।'
बिहार-झारखंड के लोगों को UP का वोटर बनाने का आरोप
अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर चुनाव से पहले मतदाता सूची में बदलाव की तैयारी करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले एक और मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड से आने वाले प्रवासियों को उत्तर प्रदेश में मतदाता बनाने की तैयारी हो सकती है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी मंगलवार से बूथ स्तर पर अपना चुनावी अभियान शुरू करेगी।
निवेश के दावों पर उठाए सवाल, 26 हजार स्कूल बंद करने का आरोप
सपा प्रमुख ने योगी सरकार के निवेश और शिक्षा संबंधी दावों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि सरकार निवेश की बड़ी-बड़ी बातें तो करती है, लेकिन निवेश के लिए हुए MoU जमीन पर कितने उतरे हैं, इसकी समीक्षा होनी चाहिए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में 26 हजार स्कूल बंद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित करेगी और सरकार की शिक्षा नीति को लेकर लोगों को जागरूक करेगी।
बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़े होने की बात
उत्तर प्रदेश में बाढ़ और जलभराव की स्थिति को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेश के बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है। प्रयागराज में जलभराव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारी खर्च के बावजूद वहां की समस्या दूर नहीं हो पा रही है। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के कुछ अधिकारियों पर भी तंज कसा।
खड़गे और राहुल गांधी के मुद्दे पर बोले अखिलेश
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के किसी स्थान पर जाने के बाद कथित तौर पर वहां 'शुद्धिकरण' किए जाने और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ FIR के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनके साथ भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। अखिलेश के मुताबिक, कन्नौज में उनके जाने के बाद एक मंदिर को गंगाजल से धोया गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके घर को भी गंगाजल से धोया गया था। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग सकारात्मक और प्रगतिशील सोच रखते हैं और इस तरह की गतिविधियों में विश्वास नहीं करते। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश को आगे ले जाने के लिए काम करेगी।
और पढ़ें: