Gorakhpur Shamli Expressway Update: पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने वाले गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट फाइनल हो चुका है और बिजनौर में चयनित गांवों में सर्वे का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। मंडावर क्षेत्र के रामजीवाला में गंगा नदी पर पुल बनाया जाएगा। एक्सप्रेसवे के तैयार होने के बाद बिजनौर की उत्तराखंड, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों तक सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

131 गांवों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे
गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के लिए बिजनौर जिले के 131 गांवों को शामिल किया गया है। इनमें धामपुर तहसील के 52, बिजनौर के 32 और नजीबाबाद के 16 गांव शामिल हैं। जिले में एक्सप्रेसवे की लंबाई करीब 56 किलोमीटर बताई जा रही है। एक्सप्रेसवे मुजफ्फरनगर की ओर से बिजनौर जिले में रामजीवाला के पास प्रवेश करेगा और स्योहारा क्षेत्र से मुरादाबाद जिले की सीमा में आगे बढ़ेगा।

गंगा पर बनेगा पुल, बढ़ेगी कनेक्टिविटी
रामजीवाला में गंगा नदी पर बनने वाला पुल इस परियोजना का अहम हिस्सा होगा। इसके निर्माण के बाद बिजनौर को उत्तराखंड और हरियाणा के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे लंबी दूरी के सफर में समय की बचत होने के साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

किसानों की जमीन का हो रहा सत्यापन
चयनित गांवों में चल रहे सर्वे के दौरान राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज किसानों की जमीन और सरकारी भूमि के गाटा संख्या और रकबे का सत्यापन किया जा रहा है। इसके अलावा नदी-नाले, नलकूप और अन्य प्रभावित संपत्तियों के गाटों को भी चिह्नित किया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसके बाद चयनित गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। एनएचएआई के एसडीओ आशीष शर्मा के अनुसार, गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट फाइनल हो चुका है और चयनित गांवों में सर्वे का काम अंतिम चरण में चल रहा है।

किन गांवों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे?
परियोजना के लिए बिजनौर जिले के 131 गांवों को चिह्नित किया गया है। इनमें मुस्तफाबाद, मुर्शदपुर, गिदौड़ी, मेहरअलीपुर, रसूलपुर सदर, अखेड़ा, बालापुर, मुजफ्फरपुर, शिकोहपुर, पाडली मांडू, उमरी, सलावा, जगुपुरा, मानपुर, शिवपुरी, दिनदारपुर, गुरदासपुर हीरा, लांबा खेड़ा, कासमाबाद, काजीपुरा, बुढनपुर, रामपुर किशना, बहादुर जट, सत्तोनंगली, दौलताबाद, सैदपुरा, आलमपुर, शेरपुर कमाल, बूढ़पुर नैनसिंह, औरंगापुर हृदय, आलमपुर आसू, इस्लामपुर बेगा, शादीपुर, गोविंदपुर, इस्लामपुर लालू, बाकर नंगला, शाहपुर सैदू, फरीदपुर डल्लू, धनौरा, फरीदपुर दुल्हा, उमरी, आलमपुर गुजरपुर असल, तरकीमपुर हफीज उर्फ बधावा, इस्लामपुर चमरा, मुबारकपुर, पहाड़पुर, द्वारका, रुस्तमपुर, शेरपुर, बेगराजपुर, फतेहपुर भोरू, मुबारकपुर, पप्सरा और हरपुर समेत अन्य गांव शामिल हैं।

उद्योग और रोजगार को मिलेगी रफ्तार
गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के निर्माण से बिजनौर में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से माल ढुलाई आसान होगी और कारोबार को नए बाजार मिल सकते हैं। इसके साथ ही जिले में निवेश बढ़ने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है। 

और पढ़ें: 

यूपी को मिलेगा एक और नया शहर! 4000 हेक्टेयर में बनेगा आधुनिक हब, हजारों युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर