Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ तेजी से आधुनिक विकास, रक्षा तकनीक और अपनी ऐतिहासिक-सांस्कृतिक पहचान के संगम के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि शहर में जहां एक ओर संकरी और ऐतिहासिक गलियां हैं, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट सड़कें, आउटर रिंग रोड और अत्याधुनिक रक्षा तकनीक ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार इस साल के अंत तक गोमती नदी को पूरी तरह स्वच्छ करने के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गोमती की सफाई और उसके स्वच्छ एवं अविरल प्रवाह को बनाए रखने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ में संकरी गलियां भी हैं, लेकिन स्मार्ट रोड और सीएम ग्रिड योजना के तहत विकसित सड़कें भी हैं। संकरी गलियों के साथ-साथ लखनऊ को किसान पथ की तरह आउटर रिंग रोड भी मिला है। उन्होंने लखनऊ की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह शहर ऊदा देवी पासी और महाराजा बिजली पासी की विरासत को संजोए हुए है, वहीं अब यह ब्रह्मोस जैसी आधुनिक रक्षा तकनीकों का केंद्र बनकर देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी मजबूती दे रहा है।
चिकनकारी से लेकर वैश्विक पहचान तक
मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ की पारंपरिक चिकनकारी और खानपान की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहर के पारंपरिक शिल्प और व्यंजन इसकी सांस्कृतिक पहचान हैं। हाल के वर्षों में लखनऊ को वैश्विक स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान मिली है। इस दौरान ये भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार करने की दिशा में और लखनऊ के सांसद व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में शहर तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
राजनाथ सिंह ने CM योगी की जमकर सराहना की
कार्यक्रम में मौजूद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के विकास की गति को पूरे उत्तर प्रदेश के विकास से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। उन्होंने कहा कि लखनऊ में जो तेज विकास हुआ है, उसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा योगदान है। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा लखनऊ के विकास से जुड़े कार्यों की मांग किए जाने पर मुख्यमंत्री ने हमेशा पूरा सहयोग दिया और समय-समय पर खुद निरीक्षण कर परियोजनाओं की प्रगति पर नजर रखी। रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार, रक्षा मंत्रालय और औद्योगिक जगत मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में जुटे हैं।
लखनऊ कैंट में 101 करोड़ की 12 परियोजनाओं की सौगात
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ कैंट क्षेत्र में 101 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं के तहत खेल परिसर, दिव्यांग बच्चों के लिए स्कूल, दो स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण, पुरानी पानी की पाइपलाइनों को बदलना, ओवरहेड टैंक और रोबोटिक कार पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से मंगला देवी स्कूल में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना शुरू करने और एकता बाजार में सिटी पॉलीक्लिनिक स्थापित करने की भी योजना है।
माननीय रक्षा मंत्री श्री @rajnathsingh जी के साथ आज लखनऊ छावनी को 'मॉडल छावनी' के रूप में विकसित करने के लिए ₹101 करोड़ लागत की 12 विकास परियोजनाओं के भूमिपूजन एवं शिलान्यास हेतु लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 30, 2026
पूर्ण विश्वास है कि लखनऊ की छावनी परिषद एक आदर्श छावनी… pic.twitter.com/mEYXW6Vxdd
रक्षा मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से लखनऊ कैंट में स्वच्छता, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, जलापूर्ति और शहरी सुविधाओं को नई गति मिलेगी। उन्होंने इसे ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप आधुनिक और आत्मनिर्भर लखनऊ कैंट के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।