Kaushambi Blast: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। विस्फोट की चपेट में आने से प्रवीण (13) और प्रियांशी (5) समेत तीन लोगों की जान चली गई। हालांकि, प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
50 मीटर के दायरे में मकान भी टूटे
धमाका इतना तेज था कि पटाखा फैक्ट्री पूरी तरह ढह गई। विस्फोट का असर आसपास के इलाकों तक पहुंचा और फैक्ट्री से करीब 50 मीटर के दायरे में मौजूद 5 से 7 मकानों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। बताया जा रहा है कि विस्फोट की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद आसमान में धुएं का ऊंचा गुबार उठ गया और आसपास का पूरा इलाका धुएं से भर गया। फैक्ट्री में मौजूद पटाखों में आग लगने के कारण काफी देर तक छोटे-बड़े धमाके होते रहे।
चारपाई पर घायलों को लेकर अस्पताल भागे लोग
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घायलों को बचाने के लिए दौड़ पड़े। कई घायल इतने गंभीर थे कि लोगों ने उन्हें चारपाई पर लिटाकर अस्पताल पहुंचाया। प्रयागराज संवाददाता के अनुसार, चार घायलों को चारपाई पर रखकर प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल लाया गया। सभी को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के वक्त फैक्ट्री में काम कर रहे थे 25 मजदूर
जानकारी के मुताबिक, कौशांबी के मनौरी इलाके में थाना पुरामुफ्ती क्षेत्र स्थित इस पटाखा फैक्ट्री में हादसे के समय करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक हुए विस्फोट के बाद कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने और मलबा हटाने का काम जारी है।
प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर के पास हुआ हादसा
जिस स्थान पर पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ है, वह प्रयागराज और कौशांबी की सीमा के करीब बताया जा रहा है। घटनास्थल से मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन की दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर बताई जा रही है। विस्फोट की सूचना मिलते ही डीएम, एसपी समेत प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
सीएम योगी ने जताया दुख, घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी घायलों का समुचित और बेहतर इलाज सुनिश्चित कराया जाए। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। फिलहाल, आग बुझाने और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों का कहना है कि राहत और बचाव कार्य पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही मृतकों और घायलों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी।
और पढे़ं: