Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। महाराजगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में मिट्टी धंसने के कारण 16 वर्षीय किशोरी जमीन के अंदर बने बोरवेल में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और किशोरी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

JCB से खुदाई, मैनुअल सर्च भी जारी
कानपुर के चीफ फायर ऑफिसर दीपक शर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के फायर स्टेशनों से तत्काल टीमें मौके पर भेजी गईं। पुलिस और फायर विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। किशोरी तक पहुंचने के लिए JCB मशीन से खुदाई की जा रही है। इसके साथ ही फायर कर्मियों और अन्य टीमों की ओर से मैनुअल तरीके से भी तलाश की जा रही है।

NDRF को भी किया गया अलर्ट
चीफ फायर ऑफिसर के मुताबिक, घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF को भी सूचना दे दी गई है। बचाव अभियान में शामिल सभी टीमें लगातार किशोरी को बाहर निकालने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल किशोरी की स्थिति को लेकर अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

पहले भी सामने आ चुके हैं बोरवेल हादसे
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब खुले और असुरक्षित बोरवेल को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। इससे पहले जुलाई में धनौरा गांव में चार साल का एक बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया था, जिसे करीब 18-19 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मृत घोषित किया गया था।

उस अभियान में सेना, NDRF, SDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें शामिल हुई थीं। बोरवेल में पानी का रिसाव, लगातार बढ़ता जलस्तर, बारिश और ढीली मिट्टी के कारण बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था। बाद में प्रशासन ने उस खतरनाक बोरवेल को स्थायी रूप से बंद कर दिया था। फिलहाल कानपुर में 16 वर्षीय किशोरी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। 

और पढे़ं: 


'गरीब पढ़-लिख जाएगा तो सवाल पूछेगा...' अखिलेश का BJP पर बड़ा हमला, बोले- सवालों से डरती है सरकार