Janmashtami 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। सीएम योगी ने मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना और गौ-पूजन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मथुरा दौरे के दौरान मंदिर परिसर में करीब 30 मिनट बिताए और भगवान ठाकुर जी के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई दी और कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब उत्सवों और संस्कृति से जुड़ी है। जिस यूपी में पहले उपद्रव और दंगे होते थे आज उसकी पहचान उत्सवों के लिए हो रही है। इसके बाद उनके लखनऊ और गोरखपुर के अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होने का कार्यक्रम है।

सीएम ने दी प्रदेशवासियों को बधाई

सीएम योगी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की। सीएम ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में आए श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए। इस दौरान सीएम योगी ने मौके पर प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए जन्माष्टमी की बधाई दी। सीएम ने कहा कि, 5200 वर्ष पूर्व श्रीकृष्ण ने इसी स्थल पर प्रकट होकर आर्यावर्त में धर्म,सत्य और न्याय की स्थापना करने का काम किया था। अनेक आक्रमण हुए,अनेक लोगों ने अपनी आस्था को भारत पर थोपने का प्रयास किया लेकिन सनातन की आस्था को कोई नहीं मिटा पाया।

सनातन को मिटाने वाले खुद मिट्टी में मिल गए

जिन्होंने सनातन की आस्था को मिटाने का दुस्साहस किया। वो खुद मिट्टी में मिल गए। पूरे देश में श्रीकृष्ण और राधारानी की स्मृति हम सबके लिए प्रेरणा है। भगवान श्रीकृष्ण ने 5200 वर्ष पहले जो उद्घोष किए थे वो आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक है। यह आस्था हमें गति देती है,जो उन्नयन,प्रगति की होती है। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम सब भारत की विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय देख रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: Kaushambi Blast: फरार आरोपी शकील पर ₹50 हजार का इनाम, पुलिस ने कसा शिकंजा