Varanasi News: भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) के चेयरमैन सुशील कुमार लोहानी ने शुक्रवार को वाराणसी और आसपास के जिलों में चल रही और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं के काम में तेजी लाने और आपसी समन्वय के जरिए लंबित कार्यों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिविजनल कमिश्नर सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में वाराणसी और आसपास के जिलों में संचालित महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मल्टी मॉडल टर्मिनल पोर्ट, रामनगर से जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन तक रेल कनेक्शन रोड, फ्रंट घाट पर क्रूज टर्मिनल, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क समेत कई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जमीन से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक की समीक्षा
बैठक के दौरान अधिकारियों ने परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण, भूमि हस्तांतरण, राजस्व अभिलेखों के सत्यापन, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और लंबित कार्यों की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी। IWAI चेयरमैन ने अधिकारियों से कहा कि परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और लंबित मामलों का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करें।
जल, रेल और सड़क कनेक्टिविटी पर जोर
सुशील कुमार लोहानी ने कहा कि वाराणसी और पूर्वांचल में जलमार्ग आधारित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ रेल, सड़क और जल परिवहन के बीच बेहतर तालमेल के जरिए मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को प्रभावी बनाना जरूरी है। उन्होंने परियोजनाओं के क्रियान्वयन में समयबद्धता और प्रभावशीलता पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और जिन कार्यों में बाधाएं हैं, उनका संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र समाधान किया जाए।
पर्यटन और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
इन परियोजनाओं के पूरा होने से वाराणसी और पूर्वांचल में मल्टीमॉडल परिवहन, लॉजिस्टिक्स, जल पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ व्यापार और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, IWAI के सदस्य (तकनीकी), मुख्य अभियंता, IWAI, क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के निदेशक समेत वाराणसी, चंदौली और मिर्जापुर के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। चंदौली के जिलाधिकारी और NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, सासाराम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में भाग लिया।